CG News: राशन वितरण में लापरवाही पर CM साय का सख्त एक्शन, राशन दुकान का लाइसेंस सस्पेंड
CG News: छत्तीसगढ़ में राशन वितरण व्यवस्था को लेकर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सख्त रुख अपनाया है. मुख्यमंत्री ने साफ कहा है कि हर पात्र परिवार को समय पर और पूरा राशन मिलना चाहिए. विशेष पिछड़ी जनजातियों की बसाहटों और दूरस्थ क्षेत्रों में राशन वितरण की नियमित निगरानी के भी निर्देश दिए गए हैं.
-1774707242611_v.webp)
आमानारा में राशन नहीं मिलने की शिकायत
रायगढ़ जिले के आमानारा में पहाड़ी कोरवा परिवारों को राशन नहीं मिलने की शिकायत सामने आई थी. मुख्यमंत्री साय ने मामले को गंभीरता से लेते हुए रायगढ़ कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी से फोन पर जानकारी ली. उन्होंने प्रभावित पात्र परिवारों को तत्काल राशन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए, ताकि किसी भी परिवार को अपने अधिकार से वंचित न रहना पड़े.
राशन दुकान का लाइसेंस सस्पेंड
शिकायत की जांच में अनियमितता की पुष्टि होने के बाद संबंधित राशन दुकान का लाइसेंस सस्पेंड कर दिया गया. पहाड़ी कोरवा समेत अन्य पात्र हितग्राहियों के लिए चिड़ोडी की राशन दुकान से वैकल्पिक व्यवस्था की गई है. मुख्यमंत्री ने ई-पॉस मशीन में दर्ज एंट्री और वास्तविक रूप से वितरित राशन का मिलान करने के निर्देश भी दिए हैं.
लापरवाही पर जिम्मेदारों पर होगी कार्रवाई
मुख्यमंत्री साय ने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि राशन वितरण में किसी भी तरह की अनियमितता सामने आने पर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाए. खास तौर पर विशेष पिछड़ी जनजातियों और दूरस्थ इलाकों में अतिरिक्त संवेदनशीलता के साथ व्यवस्था की निगरानी करने को कहा गया है. सरकार का फोकस यह सुनिश्चित करना है कि पात्र परिवारों तक सरकारी राशन बिना रुकावट पहुंचे.
CM ने दिए निर्देश
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा है कि आमानारा जैसी स्थिति दोबारा सामने नहीं आनी चाहिए. खाद्य विभाग और जिला प्रशासन को राशन वितरण की लगातार निगरानी और व्यवस्था की समीक्षा करने के निर्देश दिए गए हैं. उन्होंने कहा कि जनकल्याणकारी योजनाओं में संवेदनशीलता और जवाबदेही जरूरी है. पात्र हितग्राहियों को उनका अधिकार पारदर्शी तरीके से मिले और कोई भी परिवार राशन से वंचित न रहे, यह सरकार की प्राथमिकता है.

One Response