CG News: CM साय के निवास में मनाया गया तीजा-पोरा तिहार, लोकगीत और पारंपरिक नृत्य ने बांधा समां
CG News: छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री निवास में शनिवार को तीजा-पोरा तिहार के अवसर पर विशेष आयोजन किया गया. मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के आतिथ्य में हुए इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाओं ने हिस्सा लिया. पूरे आयोजन में छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोक परंपरा, संस्कृति और ग्रामीण जीवन की खूबसूरत झलक देखने को मिली.

तीजा पर्व में रिश्तों की भावनाओं की झलक
तीजा छत्तीसगढ़ की महिलाओं के लिए बेहद खास पर्व माना जाता है. यह त्योहार मायके, परिवार और रिश्तों से जुड़ी भावनाओं को दर्शाता है. वहीं पोरा तिहार खेती-किसानी और पशुधन के प्रति आस्था और सम्मान का प्रतीक है. इस अवसर पर मिट्टी से बनाए गए नंदी-बैल और पारंपरिक खिलौनों की पूजा करने की परंपरा है.
लोकगीत और पारंपरिक नृत्य ने बढ़ाई रौनक
मुख्यमंत्री निवास में आयोजित कार्यक्रम के दौरान लोकगीतों और पारंपरिक नृत्य की प्रस्तुतियों ने माहौल को उत्सवमय बना दिया. महिलाओं ने पारंपरिक अंदाज में पर्व का आनंद लिया. आयोजन में झूलों और छत्तीसगढ़ी व्यंजनों की भी विशेष व्यवस्था रही, जिससे तीजा-पोरा की पारंपरिक रंगत और ज्यादा निखरकर सामने आई.
बड़ी संख्या में महिलाएं हुईं शामिल
कार्यक्रम में मंत्री गजेंद्र यादव और मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े भी मौजूद रहीं. रायपुर महापौर मीनल चौबे, पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह की पत्नी वीणा सिंह और उनकी बहू सहित बड़ी संख्या में महिलाओं ने आयोजन में भाग लिया. सभी ने मिलकर तीजा-पोरा के पारंपरिक उत्सव को उत्साह और उल्लास के साथ मनाया.
लोक संस्कृति को सहेजने का संदेश
तीजा-पोरा तिहार छत्तीसगढ़ की ग्रामीण संस्कृति और कृषि परंपराओं से गहराई से जुड़ा हुआ पर्व है. गांवों से लेकर शहरों तक इस त्योहार की रौनक देखने को मिल रही है. मुख्यमंत्री निवास में आयोजित कार्यक्रम ने प्रदेश की लोक संस्कृति, पारंपरिक रीति-रिवाज और महिलाओं की भागीदारी को एक मंच पर प्रस्तुत किया.
