CG News: रायपुर में 14वां इंडिया इंडस्ट्रियल फेयर, MSME से स्टार्टअप तक उद्योगों को मिलेगा बड़ा मंच
CG News: छत्तीसगढ़ में उद्योग जगत के लिए बड़ा आयोजन होने जा रहा है. रायपुर के साइंस कॉलेज ओपन ग्राउंड में 18 से 20 सितंबर तक 14वां इंडिया इंडस्ट्रियल फेयर-2026 आयोजित किया जाएगा. तीन दिवसीय इस मेले में MSME, स्टार्टअप, निवेश, रोजगार और नवाचार से जुड़े लोगों को एक साझा मंच मिलेगा. देशभर से उद्योगपति, उद्यमी, निवेशक और खरीदार इसमें शामिल होंगे.

उत्पादों और तकनीक की होगी प्रदर्शनी
इंडस्ट्रियल फेयर में अलग-अलग उद्योगों के उत्पादों और आधुनिक तकनीकों की प्रदर्शनी लगाई जाएगी. इसके साथ ही निवेशकों और कारोबारियों के बीच सीधा संवाद कराया जाएगा. युवाओं के लिए जॉब प्लेसमेंट की गतिविधियां होंगी, वहीं उद्योगों और विद्यार्थियों को जोड़ने की भी तैयारी है. इससे युवाओं को रोजगार और उद्योगों को कुशल प्रतिभाओं तक पहुंच बनाने का अवसर मिलेगा.
CM साय करेंगे उद्घाटन
इंडिया इंडस्ट्रियल फेयर के उद्घाटन समारोह में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे. उनके साथ उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन भी मौजूद रहेंगे. केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव और RSS के वरिष्ठ पदाधिकारी कृष्ण गोपाल के भी कार्यक्रम में शामिल होने की संभावना जताई जा रही है. देशभर के बड़े उद्योगपतियों की मौजूदगी से निवेश और औद्योगिक विकास को नई गति मिलने की उम्मीद है.
स्थानीय उद्योगों को बड़े बाजार से जोड़ने की तैयारी
छत्तीसगढ़ के पास खनिज, कृषि और बिजली जैसे संसाधनों की पर्याप्त उपलब्धता है, लेकिन छोटे और मध्यम उद्योगों के सामने बड़े खरीदारों, आधुनिक तकनीक और नए निवेशकों तक पहुंच की चुनौती रहती है. यह फेयर स्थानीय कारोबारियों को देशभर से आने वाले उद्योगपतियों, वितरकों और निवेशकों से सीधे जुड़ने का मौका देगा. इससे नए कारोबारी अवसर और दूसरे राज्यों के बाजारों तक पहुंच के रास्ते खुल सकते हैं.
स्टार्टअप और संस्कृति पर भी रहेगा फोकस
मेले में स्टार्टअप और युवा उद्यमियों को अपने उत्पाद, बिजनेस आइडिया और योजनाएं निवेशकों के सामने रखने का अवसर मिलेगा. उन्हें बाजार, तकनीक, निवेश और कारोबार विस्तार से जुड़ा मार्गदर्शन भी मिल सकेगा. इसके अलावा तीनों दिनों की रात सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिनमें छत्तीसगढ़ के लोक नृत्य, संगीत और पारंपरिक कलाओं की प्रस्तुति होगी. इससे मेहमानों को राज्य की औद्योगिक क्षमता के साथ सांस्कृतिक विरासत से भी रूबरू होने का मौका मिलेगा.

One Response