CG News: छत्तीसगढ़ को मिली 40वें नेशनल गेम्स की मेजबानी, 100 करोड़ की उत्कृष्ट मिशन योजना से निखरेंगी खेल प्रतिभाएं
CG News: छत्तीसगढ़ में लंबे इंतजार और प्रयासों के बाद पहली बार नेशनल गेम्स की मेजबानी का रास्ता साफ हुआ है. राज्य 40वें राष्ट्रीय खेलों के आयोजन की मेजबानी करेगा. इस बड़े खेल आयोजन को लेकर राज्य सरकार ने तैयारियां शुरू कर दी हैं. मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की अध्यक्षता में शनिवार को छत्तीसगढ़ ओलंपिक संघ की बैठक हुई, जिसमें आयोजन की तैयारियों को गति देने के निर्देश दिए गए.

खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर पर आगे बढ़ाने पर फोकस
सरकार का फोकस नेशनल गेम्स की मेजबानी के साथ प्रदेश के खिलाड़ियों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बेहतर मंच देने पर भी है. बैठक में छत्तीसगढ़ ओलंपिक संघ के उपाध्यक्ष और मंत्री केदार कश्यप सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे. सरकार खिलाड़ियों के लिए बेहतर सुविधाएं, प्रशिक्षण और अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में काम कर रही है, ताकि प्रदेश की खेल प्रतिभाएं बड़े मंच पर अपनी पहचान बना सकें.
100 करोड़ की उत्कृष्ट मिशन योजना शुरू
खेल प्रतिभाओं को तराशने के लिए राज्य सरकार ने करीब 100 करोड़ रुपए की उत्कृष्ट मिशन योजना शुरू की है. इस योजना के तहत प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों से प्रतिभाशाली खिलाड़ियों की पहचान की जाएगी. इसके बाद उन्हें बेहतर प्रशिक्षण और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराकर राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के लिए तैयार किया जाएगा. सरकार का उद्देश्य प्रदेश में खेल प्रतिभाओं के लिए मजबूत सिस्टम तैयार करना है.
CMO से अधिकारी की भी हुई नियुक्ति
छत्तीसगढ़ ओलंपिक संघ के कामकाज और आयोजन की तैयारियों में बेहतर समन्वय के लिए मुख्यमंत्री कार्यालय से एक अधिकारी की नियुक्ति भी की गई है. इससे संघ और सरकार के बीच तालमेल मजबूत होने की उम्मीद है. नेशनल गेम्स जैसे बड़े आयोजन के लिए खेल अधोसंरचना, व्यवस्थाओं और खिलाड़ियों की तैयारियों को समय पर पूरा करने पर विशेष जोर दिया जा रहा है.
पहले भी दो बार मिली थी मेजबानी की कोशिश
छत्तीसगढ़ को इससे पहले भी राष्ट्रीय खेलों की मेजबानी का अवसर मिल चुका है, लेकिन आयोजन नहीं हो सका. वर्ष 2010 में भारतीय ओलंपिक संघ ने 37वें राष्ट्रीय खेलों की मेजबानी छत्तीसगढ़ को दी थी. इसके बाद टीम ने राज्य का दौरा कर खेल अधोसंरचना का निरीक्षण किया था, लेकिन रिपोर्ट में तैयारियों को अधूरा बताया गया. बाद में 39वें नेशनल गेम्स की मेजबानी गुजरात को दे दी गई. अब 40वें नेशनल गेम्स के लिए राज्य सरकार पूरी तैयारी के साथ आयोजन को सफल बनाने में जुट गई है.


One Response