CG News: अंबिकापुर में 19 सितंबर से अग्र महाकुंभ-2026, सेवा, शक्ति और सामर्थ्य के संगम में जुटेगा अग्रवाल समाज
CG News: छत्तीसगढ़ प्रांतीय अग्रवाल संगठन की ओर से अग्रवाल सभा अंबिकापुर और सरगुजा संभागीय अग्रवाल महासभा के आतिथ्य में 19 और 20 सितंबर 2026 को अंबिकापुर में अग्र महाकुंभ-2026 का आयोजन किया जाएगा. “सेवा, शक्ति और सामर्थ्य का संगम” थीम पर होने वाले इस दो दिवसीय आयोजन में छत्तीसगढ़ के साथ देश के अलग-अलग हिस्सों से अग्रवाल समाज के पदाधिकारी, समाजसेवी, उद्यमी, युवा और महिला प्रतिनिधि शामिल होंगे. 19 सितंबर को दोपहर 12 बजे होने वाले उद्घाटन कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय मुख्य अतिथि होंगे, जबकि अखिल भारतीय अग्रवाल संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष कुलभूषण मित्तल अध्यक्षता करेंगे.

अग्र-मंथन से महिला और युवा अधिवेशन तक
आयोजन की शुरुआत 19 सितंबर को सुबह 10 बजे “अग्र-मंथन-2026” से होगी. इस दौरान समाज की वर्तमान स्थिति, संगठन की मजबूती और भविष्य की कार्ययोजना पर विचार किया जाएगा. दोपहर में उद्घाटन सत्र के बाद महिला अधिवेशन होगा, जिसमें महिला सहभागिता और सामाजिक भूमिका पर चर्चा के साथ “अग्र कुल दर्शन” पत्रिका का विमोचन किया जाएगा. शाम को युवा अधिवेशन में नेतृत्व, उद्यमिता और नई पीढ़ी की भूमिका पर संवाद होगा. इसके बाद सांस्कृतिक संध्या में अंबिकापुर की महिलाएं और बच्चे रंगारंग प्रस्तुतियां देंगे.
चार चर्चित कवियों से सजेगी हास्य और काव्य की शाम
पहले दिन रात 8 बजे से अखिल भारतीय कवि सम्मेलन आयोजित किया जाएगा. इसमें दिल्ली के अंतरराष्ट्रीय हास्य कवि कुशल कुशलेन्द्र, उज्जैन के हास्य कवि एवं लॉफ्टर फेम हिमांशु बवंडर, सूरत की कवयित्री सोनल जैन और इटावा के अग्निधर्मी कवि देवेंद्र प्रताप “आग” अपनी प्रस्तुतियां देंगे. हास्य, व्यंग्य, गीत, शृंगार और ओज से सजी यह साहित्यिक शाम अग्र महाकुंभ का प्रमुख आकर्षण होगी. आयोजन को लेकर समाजजनों में खासा उत्साह है.
योग, स्वास्थ्य और AI से लेकर दशम अग्र अलंकरण तक
20 सितंबर की शुरुआत योग और तनावमुक्त जीवनशैली शिविर से होगी. इसके बाद “खुला संवाद – समाज से, समाज के लिए” में सामाजिक चुनौतियों और भविष्य की दिशा पर चर्चा होगी, साथ ही Artificial Intelligence यानी AI के उपयोग और संभावनाओं पर विशेष कार्यशाला होगी. स्वास्थ्य सत्र में विशेषज्ञ चिकित्सक विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर जानकारी देंगे. इसी दिन दशम अग्र अलंकरण समारोह में समाज के अलग-अलग क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली प्रतिभाओं को 18 श्रेणियों में सम्मानित किया जाएगा. प्रत्येक चयनित प्रतिभा को 11 हजार रुपये की नकद राशि, प्रशस्ति-पत्र और स्मृति-चिह्न प्रदान किया जाएगा.
परिवारोत्सव में रिश्तों और संस्कारों पर होगा विशेष संवाद
महाकुंभ का अंतिम प्रमुख आकर्षण शाम 5 बजे प्रसिद्ध प्रेरक वक्ता मनीष वाघसिया, सूरत का “परिवारोत्सव – प्रेम, विश्वास और संस्कारों का उत्सव” रहेगा. इसमें परिवार की एकजुटता, रिश्तों में विश्वास, पीढ़ियों के बीच संवाद और भारतीय संस्कारों पर प्रेरणादायी प्रस्तुति दी जाएगी. समापन सत्र में पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल मुख्य अतिथि, राष्ट्रीय अध्यक्ष कुलभूषण मित्तल अध्यक्ष तथा सांसद चिंतामणि महाराज और पूर्व कैबिनेट मंत्री जयसिंह अग्रवाल विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगे. आयोजकों के मुताबिक महाकुंभ का उद्देश्य समाज को जोड़ने, परिवार को मजबूत करने और नई पीढ़ी को सामाजिक संगठन से जोड़कर सकारात्मक दिशा देना है.
