CG News: 25 साल में पहली बार एक साथ 21 टाउन प्लानर नियुक्त, CM साय ने सौंपे नियुक्ति पत्र
CG News: छत्तीसगढ़ में बढ़ते शहरीकरण को देखते हुए सरकार ने टाउन प्लानिंग व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है. आवास एवं पर्यावरण विभाग के नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, वित्त मंत्री ओपी चौधरी और मंत्री केदार कश्यप ने 21 नवनियुक्त टाउन प्लानरों को नियुक्ति पत्र सौंपे. राज्य गठन के करीब 25 वर्षों में जहां इस विभाग में सिर्फ 17 पदों पर नियुक्तियां हुई थीं, वहीं पहली बार एक साथ 21 टाउन प्लानरों की भर्ती की गई है.

बढ़ते शहरों के लिए बेहतर प्लानिंग पर जोर
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने नवनियुक्त अधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए ईमानदारी, निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ काम करने की अपील की. उन्होंने कहा कि समय के साथ गांवों और शहरों का स्वरूप तेजी से बदल रहा है. शहरों की ओर लोगों का रुझान बढ़ने के साथ सड़कों के आसपास भी तेजी से नई बसावट विकसित हो रही है. ऐसे में भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए सुनियोजित शहरी विकास और मजबूत टाउन प्लानिंग जरूरी हो गई है.

ढाई साल में 15 हजार से ज्यादा सरकारी नौकरियां
मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार के करीब ढाई साल के कार्यकाल में 15 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी विभागों में नियुक्तियां दी जा चुकी हैं और भर्ती का सिलसिला लगातार जारी है. सरकार का लक्ष्य केवल सरकारी नौकरी तक सीमित नहीं है, बल्कि करीब दो लाख युवाओं को उद्योगों से जोड़कर रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने पर भी काम किया जा रहा है. उन्होंने नवनियुक्त टाउन प्लानरों से विकसित भारत के साथ विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण में योगदान देने को कहा.

वैज्ञानिक टाउन प्लानिंग से बदलेगी शहरों की तस्वीर
वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने कहा कि 21 नए टाउन प्लानरों की नियुक्ति से प्रदेश के शहरी विकास को नई दिशा मिलेगी. उन्होंने कहा कि आने वाले वर्षों में छत्तीसगढ़ में शहरीकरण की रफ्तार और बढ़ेगी, इसलिए अभी से वैज्ञानिक तरीके से शहरों की योजना तैयार करना जरूरी है. उन्होंने गुजरात और महाराष्ट्र का उदाहरण देते हुए कहा कि विकसित अर्थव्यवस्थाओं में शहरी आबादी का हिस्सा अधिक होता है. मुख्यमंत्री के निर्देश पर शहरी विकास और टाउन प्लानिंग को लेकर विस्तृत योजनाओं पर काम किया जा रहा है.
पारदर्शी भर्ती से विभाग को मिला मजबूत वर्कफोर्स
वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने कहा कि टाउन प्लानरों की भर्ती प्रक्रिया पारदर्शी तरीके से पूरी की गई और अभ्यर्थियों को किसी तरह की भ्रष्टाचार संबंधी परेशानी का सामना नहीं करना पड़ा. उन्होंने नवनियुक्त अधिकारियों को भरोसा दिलाया कि आगे उनकी पदोन्नति में भी कार्यक्षमता और प्रदर्शन को महत्व दिया जाएगा. विभागीय सचिव अंकित आनंद के मुताबिक भर्ती नियमों में बदलाव के बाद छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग के जरिए यह नियुक्तियां की गई हैं. एक साथ 21 अधिकारियों के आने से टाउन प्लानिंग विभाग का वर्कफोर्स मजबूत हुआ है और अन्य पदों पर भर्ती की प्रक्रिया भी जारी है.

