CG News: जहरीली शराब पर छत्तीसगढ़ में सख्ती, 701 दुकानों में हर बोतल की होगी जांच
CG News: मध्यप्रदेश के सागर में जहरीली शराब से हुई मौतों के बाद छत्तीसगढ़ सरकार ने भी शराब को लेकर निगरानी बढ़ा दी है. प्रदेश की 701 शराब दुकानों की जांच की जाएगी. आबकारी अधिकारी दुकानों में पहुंचकर एक-एक बोतल, अद्धी और पौवा की जांच करेंगे. विभाग ने किसी भी तरह की संदिग्ध या अवैध शराब की बिक्री रोकने के लिए सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं.

शराब दुकानों में होगी नियमित जांच
आबकारी विभाग ने सभी जिलों में देशी और विदेशी मदिरा दुकानों का नियमित और अचानक निरीक्षण कराने के निर्देश दिए हैं. अधिकारियों को यह सुनिश्चित करने को कहा गया है कि दुकानों में अवैध शराब, नॉन-ड्यूटी पेड शराब, मिलावटी या संदिग्ध जहरीली शराब मौजूद न हो. आबकारी अमले को दुकानों में रखे स्टॉक और रिकॉर्ड का भी बारीकी से मिलान करने के निर्देश दिए गए हैं.
जंगल और जलस्रोतों पर भी निगरानी
अवैध शराब निर्माण की आशंका वाले इलाकों पर भी आबकारी विभाग की नजर रहेगी. जंगल, दुर्गम क्षेत्रों और जलस्रोतों के आसपास लगातार गश्त करने के निर्देश दिए गए हैं. जहां अवैध शराब बनाने की गतिविधियां मिलेंगी, वहां मौके पर मौजूद सामग्री को नष्ट करने के साथ आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया जाएगा. रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड, एयरपोर्ट, होटल और ढाबों पर भी निगरानी बढ़ाई जाएगी.
अवैध स्पिरिट के स्रोत तक पहुंचेगा विभाग
विभाग ने शराब बनाने में इस्तेमाल होने वाली अवैध स्पिरिट और कच्चे माल की उपलब्धता पर भी नजर रखने को कहा है. अधिकारी यह पता लगाएंगे कि कहीं स्पिरिट का इस्तेमाल अवैध शराब बनाने या किसी दूसरे गैरकानूनी कारोबार में तो नहीं हो रहा है. इसके साथ ही स्पिरिट के स्रोत और उसके मूल ठिकाने तक पहुंचने की कोशिश की जाएगी, ताकि अवैध शराब के कारोबार पर प्रभावी रोक लगाई जा सके.
जब्त शराब के सैंपल की होगी केमिकल जांच
जांच के दौरान संदिग्ध या अवैध शराब जब्त होने पर उसके नमूने राज्य स्तरीय रासायनिक प्रयोगशाला, आबकारी छत्तीसगढ़ भेजे जाएंगे. रिपोर्ट आने के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी. आबकारी आयुक्त पीएस एल्मा ने सभी कलेक्टरों को निगरानी और कार्रवाई बढ़ाने के निर्देश दिए हैं. विभाग का उद्देश्य है कि सागर जैसी घटना की पुनरावृत्ति छत्तीसगढ़ में न हो और शराब की बिक्री से जुड़े पूरे सिस्टम पर कड़ी नजर रखी जाए.

One Response