CG News: छात्रों को बड़ी राहत, यूनिवर्सिटी और कॉलेजों में 19 सितंबर तक होंगे एडमिशन
CG News: छत्तीसगढ़ के विश्वविद्यालयों और महाविद्यालयों में दाखिले की अंतिम तारीख एक बार फिर बढ़ा दी गई है. अब छात्र-छात्राएं 19 सितंबर तक प्रवेश ले सकेंगे. उच्च शिक्षा विभाग ने इस संबंध में आधिकारिक अधिसूचना जारी कर दी है. यह दूसरी बार है जब कॉलेजों में प्रवेश की समय सीमा बढ़ाई गई है. पहले दाखिले की अंतिम तारीख 14 अगस्त तय थी, जिसे बाद में अगस्त के अंत तक बढ़ाया गया था.
![]()
खाली सीटों को भरने का मिलेगा मौका
उच्च शिक्षा विभाग ने बताया कि कई कॉलेजों में अभी भी सीटें रिक्त हैं और कुछ विद्यार्थी आवेदन करने के बावजूद प्रवेश प्रक्रिया पूरी नहीं कर पाए हैं. ऐसे छात्रों को ध्यान में रखते हुए सरकार ने प्रवेश की तारीख बढ़ाने का फैसला किया है. उच्च शिक्षा मंत्री टंक राम वर्मा ने कहा कि सरकार प्रदेश के युवाओं के उज्ज्वल भविष्य को लेकर प्रतिबद्ध है और किसी भी मेधावी या इच्छुक विद्यार्थी का साल खराब न हो, इसी उद्देश्य से यह राहत दी गई है.
निजी कॉलेजों में ज्यादा खाली सीटें
प्रवेश प्रक्रिया में देरी के कारण प्रदेश के कई विश्वविद्यालयों और महाविद्यालयों में सीटें अब तक पूरी तरह नहीं भर पाई हैं. शासकीय महाविद्यालयों में प्रवेश की स्थिति अपेक्षाकृत बेहतर बताई जा रही है, जबकि निजी महाविद्यालयों को छात्रों के दाखिले के लिए अधिक प्रयास करना पड़ रहा है. नई समय सीमा से ऐसे संस्थानों को भी खाली सीटें भरने का अतिरिक्त अवसर मिलेगा.
रविवि ने छात्रों को विश्वविद्यालय नहीं भेजने कहा था
इधर, उच्च शिक्षा विभाग के नए आदेश से पहले रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय ने भी एक निर्देश जारी किया था. इसमें कॉलेजों से कहा गया था कि 31 अगस्त की निर्धारित समय सीमा तक प्रवेश नहीं लेने वाले छात्रों को सीधे विश्वविद्यालय न भेजा जाए. दरअसल, कई कॉलेज ऐसे विद्यार्थियों को प्रवेश की विशेष अनुमति के लिए विश्वविद्यालय भेज रहे थे. अब शासन की ओर से तारीख बढ़ाए जाने के बाद छात्रों और महाविद्यालयों दोनों को राहत मिल गई है.
ऑफलाइन आवेदन की सूची भी भेज रहे थे कॉलेज
रविवि के अनुसार, कुछ महाविद्यालयों में सीटें खाली होने पर तय तारीख के बाद ऑफलाइन आवेदन करने वाले छात्रों की सूची विशेष अनुमति के लिए विश्वविद्यालय भेजी जा रही थी. विश्वविद्यालय ने स्पष्ट किया था कि निर्धारित समय सीमा खत्म होने के बाद प्रवेश से जुड़े आवेदन विश्वविद्यालय को न भेजे जाएं और छात्रों को विशेष अनुमति के लिए विश्वविद्यालय से संपर्क करने के लिए निर्देशित न किया जाए. अब 19 सितंबर तक प्रवेश की अनुमति मिलने से विद्यार्थियों को विश्वविद्यालय के चक्कर लगाने के बजाय संबंधित कॉलेज में ही अपनी प्रवेश प्रक्रिया पूरी करने का मौका मिलेगा.


One Response