CG News: बेमेतरा के साजा के 3 शिक्षक बनेंगे शिक्षा दूत, 13 सितंबर को CM साय करेंगे सम्मानित
CG News: बेमेतरा जिले के साजा विकासखंड के तीन शिक्षकों का मुख्यमंत्री गौरव अलंकरण पुरस्कार 2026 के तहत शिक्षा दूत पुरस्कार के लिए चयन हुआ है. चयनित शिक्षकों में शासकीय प्राथमिक शाला चोरभट्टी के सहायक शिक्षक देवराम साहू, शासकीय प्राथमिक शाला खैरी की सहायक शिक्षक दीपिका वर्मा और शासकीय प्राथमिक शाला सुवरतला की सहायक शिक्षक लेखा रजक शामिल हैं.

शिक्षा के प्रति समर्पण ने दिलाया सम्मान
तीनों शिक्षकों को उनके उत्कृष्ट शैक्षणिक कार्य, कर्तव्यनिष्ठा और शिक्षा के प्रति समर्पण के लिए इस प्रतिष्ठित सम्मान के लिए चुना गया है. आधुनिक शिक्षण पद्धतियों के साथ नवाचार और बच्चों की शिक्षा को बेहतर बनाने के प्रयासों को भी चयन का आधार माना गया है. शिक्षकों की इस उपलब्धि से साजा विकासखंड और पूरे बेमेतरा जिले में खुशी का माहौल है.
मिलेगा 5 हजार रुपए और प्रशस्ति पत्र
मुख्यमंत्री गौरव अलंकरण पुरस्कार के अंतर्गत चयनित शिक्षा दूतों को 5 हजार रुपए की सम्मान राशि के साथ प्रशस्ति पत्र प्रदान किया जाता है. यह सम्मान शिक्षकों के बेहतर कार्य और शिक्षा के क्षेत्र में उनके योगदान को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से दिया जाता है. तीनों शिक्षकों के चयन को क्षेत्र के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है.
13 सितंबर को होगा सम्मान समारोह
चयनित शिक्षकों के सम्मान के लिए 13 सितंबर 2026 को बेमेतरा जिले के बेसिक स्कूल मैदान में शिक्षक सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा. कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय चयनित शिक्षकों को सम्मानित और अलंकृत करेंगे. समारोह को लेकर शिक्षा विभाग और स्थानीय स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं.
शिक्षा विभाग ने दी शुभकामनाएं
तीनों शिक्षकों की उपलब्धि पर शिक्षा विभाग के अधिकारियों और क्षेत्र के प्रबुद्ध नागरिकों ने उन्हें शुभकामनाएं दी हैं. डाइट बेमेतरा के प्राचार्य जेके घृतलहरे, डीईओ अभय जायसवाल, बीआरसी साजा खोम लाल साहू और बीईओ साजा डीजी पात्रा समेत विभागीय अधिकारियों और शिक्षकों ने चयन पर खुशी जताई है. शिक्षकों के सम्मान से जिले के अन्य शिक्षकों को भी बेहतर कार्य और नवाचार के लिए प्रेरणा मिलने की उम्मीद है.


One Response