CG News: सीएम विष्णुदेव साय ने देखा महिलाओं का आत्मनिर्भर मॉडल, बलरामपुर में ‘जय बिहान’ की गूंज
CG News: छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बलरामपुर जिला प्रवास के दौरान ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान (RSETI) में महिलाओं और युवाओं के आत्मनिर्भरता की दिशा में बढ़ते कदमों को करीब से देखा।
“जय बिहान” से बढ़ा उत्साह
प्रशिक्षण कक्ष में पहुंचते ही मुख्यमंत्री ने “जय बिहान” कहकर सभी का अभिवादन किया, जिससे पूरे माहौल में ऊर्जा का संचार हुआ। उन्होंने प्रशिक्षण गतिविधियों का अवलोकन करते हुए पशु सखियों और ‘लखपति दीदी’ से संवाद किया।
पशु सखियों की प्रेरक कहानी
ग्राम केवली की अनुराधा गुप्ता ने बताया कि वे बिहान योजना से जुड़कर पशु सखी के रूप में गांव में पशुओं का सर्वे, उपचार में सहयोग और जागरूकता का कार्य कर रही हैं। मुख्यमंत्री ने इस पहल को ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने वाला कदम बताया।
RSETI बना बदलाव का केंद्र
मुख्यमंत्री ने कहा कि कौशल विकास और प्रशिक्षण के जरिए महिलाएं आत्मनिर्भर बन रही हैं। जिले में RSETI के माध्यम से अब तक 16 बैचों में 510 प्रशिक्षणार्थियों को स्वरोजगार के लिए तैयार किया जा चुका है।
जैविक खेती से सफलता की कहानी
इसके बाद मुख्यमंत्री ने संयुक्त जिला कार्यालय परिसर में लगे स्व-सहायता समूहों के स्टॉल का निरीक्षण किया। उन्होंने महिलाओं से उनके उत्पादों और अनुभवों के बारे में जानकारी ली, कोमल स्व-सहायता समूह की पूर्णिमा बासिन ने बताया कि बैंक लिंकेज और CIF से मिले ऋण से उन्होंने जैविक खेती शुरू की और जीराफूल चावल का उत्पादन कर एक साल में 3 लाख रुपये की बिक्री की।
समूहों को 21 लाख की सहायता
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने 5 स्व-सहायता समूहों को 21 लाख रुपये के चेक वितरित कर उनका मनोबल बढ़ाया, कार्यक्रम में ग्राम पंचायत कछिया की सरपंच खुशबू सिंह और सचिव सुनीता मरावी को बाल हितैषी पंचायत श्रेणी में प्रथम स्थान प्राप्त करने पर सम्मानित किया गया।
महिला सशक्तिकरण पर जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि स्व-सहायता समूहों के माध्यम से महिलाएं आत्मनिर्भरता की नई मिसाल बन रही हैं और स्थानीय उत्पादों को पहचान मिल रही है, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के इस दौरे ने यह साबित किया कि “जय बिहान” जैसे अभियान ग्रामीण महिलाओं की जिंदगी बदल रहे हैं और उन्हें आत्मनिर्भरता की ओर तेजी से आगे बढ़ा रहे हैं।




