CG News: मुख्यमंत्री बिजली बिल समाधान योजना से हजारों उपभोक्ताओं को राहत, 700 करोड़ रुपए का सरचार्ज होगा माफ
CG News: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय बेंगलुरु दौरे से रायपुर लौटने के बाद मुख्यमंत्री बिजली बिल समाधान योजना को लेकर बड़ी जानकारी दी. उन्होंने बताया कि लंबे समय से लंबित बिजली बिल और बढ़े हुए सरचार्ज से परेशान उपभोक्ताओं को राहत देने के लिए राज्य सरकार यह योजना चला रही है. अब तक 42 हजार से अधिक उपभोक्ता इसका लाभ उठा चुके हैं.

सत्य साईं ट्रस्ट के कार्यक्रम में हुए शामिल
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बताया कि वे सत्य साईं ट्रस्ट के सद्गुरु मधुसूदन साईं के 47वें जन्मोत्सव समारोह में शामिल होने बेंगलुरु गए थे. उन्होंने कहा कि सत्य साईं ट्रस्ट छत्तीसगढ़ में भी एक बड़ा अस्पताल संचालित कर रहा है, जहां 15 वर्ष तक के बच्चों के हृदय रोग का निःशुल्क इलाज किया जाता है. आने वाले समय में ट्रस्ट की ओर से प्रदेश में और अस्पताल खोलने की भी योजना है.
बिजली बिल समाधान योजना से मिल रही बड़ी राहत
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में लंबे समय से बिजली बिल लंबित होने की शिकायतें मिल रही थीं. कोरोना काल के दौरान भी कई उपभोक्ताओं के बिजली बिल जमा नहीं हो सके थे. इसी समस्या को ध्यान में रखते हुए राज्य सरकार ने मुख्यमंत्री बिजली बिल समाधान योजना शुरू की है, ताकि लोगों को आर्थिक राहत मिल सके.
42 हजार से ज्यादा उपभोक्ताओं को मिला लाभ
मुख्यमंत्री के अनुसार, जिन उपभोक्ताओं का बिजली बिल अधिक बढ़ गया है, उन्हें अपने संबंधित बिजली कार्यालय में पंजीयन कराना होगा. अब तक 42 हजार से अधिक लोगों को योजना का लाभ मिल चुका है, और आने वाले समय में लाभार्थियों की संख्या और बढ़ने की संभावना है.
700 करोड़ रुपए से अधिक का सरचार्ज होगा माफ
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बताया कि योजना के तहत 700 करोड़ रुपए से अधिक का बिजली सरचार्ज माफ किया जा रहा है. सरकार का उद्देश्य आम उपभोक्ताओं को बढ़े हुए बिजली बिल के बोझ से राहत देना, और वर्षों से लंबित बिजली बिलों का समाधान कर लोगों को आर्थिक सहारा प्रदान करना है.
