CG News: जन चौपाल में CM साय ने दिए त्वरित समाधान के निर्देश, बिजली बिल माफी और मदद का ऐलान
CG News: ‘सुशासन तिहार 2026’ के तहत छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का एक अलग ही अंदाज सरगुजा जिले के ग्राम सिलमा में देखने को मिला। मुख्यमंत्री का हेलीकॉप्टर अचानक गांव के शांतिपारा में उतरा, जहां उन्होंने जन चौपाल लगाकर ग्रामीणों से सीधे संवाद किया।
खाट पर बैठकर सीधा संवाद
मुख्यमंत्री के अचानक आगमन से गांव में उत्साह का माहौल बन गया। वे सीधे जन चौपाल में पहुंचे और खाट पर बैठकर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं, जिससे लोगों को अपनेपन का अहसास हुआ, जन चौपाल में ग्रामीणों ने अपनी समस्याएं और मांगें खुलकर रखीं। मुख्यमंत्री ने हर मुद्दे को गंभीरता से सुना और अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी आवेदनों का समयसीमा में समाधान किया जाए।
बिजली बिल माफी का भरोसा
ग्राम सुआरपारा के राजेश शुक्ला ने आर्थिक परेशानी और बिजली बिल माफी की मांग रखी। मुख्यमंत्री ने तुरंत संज्ञान लेते हुए बिजली बिल माफी और आवश्यक आर्थिक सहायता देने का आश्वासन दिया।
भावुक हुआ ग्रामीण
मुख्यमंत्री के त्वरित फैसले से राजेश शुक्ला भावुक हो गए। उन्होंने कहा कि लंबे समय से परेशान थे, लेकिन पहली बार उनकी समस्या को इतने ध्यान से सुना गया और समाधान का भरोसा मिला।
“सरकार खुद आएगी आपके पास”
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि सुशासन तिहार का उद्देश्य यही है कि अब लोगों को दफ्तरों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे, बल्कि सरकार खुद गांव-गांव जाकर समस्याओं का समाधान करेगी, मुख्यमंत्री ने विभिन्न योजनाओं के क्रियान्वयन की जानकारी ली और हितग्राहियों से सीधा फीडबैक प्राप्त किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि हर योजना का लाभ सही व्यक्ति तक पहुंचे।



