CG News : PM आवास को लेकर विजय शर्मा का भूपेश बघेल पर हमला, बोले- ‘भ्रम फैलाने की कोशिश’
CG News : छत्तीसगढ़ में प्रधानमंत्री आवास योजना को लेकर सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। उपमुख्यमंत्री एवं पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री विजय शर्मा ने पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल पर एक बार फिर गलत जानकारी देकर भ्रम फैलाने का आरोप लगाया है। रविवार को मीडिया से बातचीत में विजय शर्मा ने कहा कि उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय को लिखे पत्र में 10 लाख 60 हजार आवास पूरे होने की बात कही थी। उन्होंने दावा किया कि प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण, पीएम जनमन योजना समेत अन्य आवासों को भी आंकड़ों में शामिल किया गया है।
![]()
PM आवास पर भूपेश बघेल को विजय शर्मा का जवाब
विजय शर्मा ने कहा कि जब किसी मुद्दे पर गंभीर चर्चा होती है तो भूपेश बघेल उसमें शामिल नहीं होते और केवल भ्रम की स्थिति पैदा करने की कोशिश करते हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आवास को लेकर पूर्व उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव ने भी भूपेश बघेल को पत्र लिखा था। इसके अलावा विभागीय सचिवों और केंद्रीय मंत्रियों की ओर से भी पत्राचार किया गया था। विजय शर्मा ने यह भी कहा कि सितंबर 2023 में कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में प्रधानमंत्री आवास को लेकर स्वीकृति दी गई थी।
नक्सलवाद के मुद्दे पर कांग्रेस पर निशाना
गृह मंत्री विजय शर्मा ने नक्सलवाद को लेकर भी कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि जिन लोगों के लिए हिडमा रोल मॉडल है, वे नक्सलवाद खत्म करने की बात कैसे कर सकते हैं। विजय शर्मा ने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने वर्ष 2023 में नक्सलवाद को लेकर नीति बनाई थी, लेकिन धरातल पर इसके खिलाफ कोई प्रभावी काम नहीं किया गया। उन्होंने पूर्व केंद्रीय गृह मंत्री पी. चिदंबरम पर भी नक्सलियों को अप्रत्यक्ष समर्थन देने का आरोप लगाया और कांग्रेस से अपनी भूमिका स्पष्ट करने की मांग की।
सौरभ चंद्राकर मामले में कार्रवाई का दावा
सौरभ चंद्राकर की सुरक्षा और उसे भारत लाने से जुड़े सवाल पर विजय शर्मा ने कहा कि केंद्र की जांच एजेंसियां अपना काम कर रही हैं और सौरभ चंद्राकर को यहां लाया जाएगा। उन्होंने कहा कि मामले में जो भी दोषी पाए जाएंगे, उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी और उन्हें जेल भेजा जाएगा। भूपेश बघेल के उस बयान पर भी उन्होंने प्रतिक्रिया दी, जिसमें उन्होंने कहा था कि जांच आगे बढ़ने पर उनके कई लोग एक्सपोज हो सकते हैं। विजय शर्मा ने कहा कि जांच किसी व्यक्ति विशेष को देखकर नहीं होगी, बल्कि जो भी दोषी होगा, उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़े : CG News : डौंडीलोहारा में 25 अगस्त को जुटेंगी 5 हजार महिलाएं, CM विष्णुदेव साय और डॉ. रमन सिंह होंगे शामिल



