CG News : डौंडीलोहारा में 25 अगस्त को जुटेंगी 5 हजार महिलाएं, CM विष्णुदेव साय और डॉ. रमन सिंह होंगे शामिल
CG News : बालोद जिले के डौंडीलोहारा मिनी स्टेडियम में 25 अगस्त को महिला सशक्तिकरण को लेकर बड़ा आयोजन होने जा रहा है। कार्यक्रम में बिहान और स्व-सहायता समूहों से जुड़ी करीब 5 हजार महिलाओं को सम्मानित किया जाएगा। डौंडीलोहारा भाजपा मंडल के आयोजन में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह के शामिल होने की सहमति मिल चुकी है। इसके बाद भाजपा संगठन ने कार्यक्रम की तैयारियां तेज कर दी हैं।

मुख्यमंत्री और विधानसभा अध्यक्ष को दिया गया न्योता
कार्यक्रम में शामिल होने का निमंत्रण देने के लिए डौंडीलोहारा भाजपा मंडल के पदाधिकारियों ने रायपुर में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह से मुलाकात की। दोनों नेताओं को आयोजन की जानकारी दी गई, जिसके बाद उन्होंने कार्यक्रम में शामिल होने की सहमति दी। भाजपा नेताओं के मुताबिक, जिले में इतनी बड़ी संख्या में बिहान और स्व-सहायता समूहों की महिलाओं के सम्मान का यह पहला बड़ा आयोजन होगा।
कई बड़े नेताओं के पहुंचने की संभावना, विकास कार्यों पर भी नजर
मुख्यमंत्री और विधानसभा अध्यक्ष के अलावा वित्त मंत्री ओपी चौधरी, महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े, भाजपा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सरोज पांडे, कांकेर सांसद भोजराज नाग और विधायक भावना बोहरा समेत कई नेताओं के कार्यक्रम में शामिल होने की संभावना है। हालांकि अंतिम अतिथि सूची बाद में तय की जाएगी। वहीं मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर क्षेत्रवासियों को विकास कार्यों से जुड़ी घोषणाओं की भी उम्मीद है। क्षेत्र की विभिन्न मांगों और विकास परियोजनाओं को लेकर मुख्यमंत्री के सामने प्रस्ताव रखने की तैयारी की जा रही है।
5 हजार महिलाओं का सम्मान, कार्यक्रम की व्यवस्थाएं तेज
बिहान और स्व-सहायता समूहों से जुड़ी महिलाएं स्वरोजगार और सामूहिक आर्थिक गतिविधियों के जरिए परिवार की आय बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। ऐसे में करीब 5 हजार महिलाओं का एक साथ सम्मान महिला शक्ति और आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने की पहल के तौर पर देखा जा रहा है। बड़ी संख्या में महिलाओं की मौजूदगी को देखते हुए भाजपा संगठन मंच, बैठक, स्वागत, यातायात और सुरक्षा समेत अन्य व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने में जुटा है। संगठन का कहना है कि यह आयोजन महिला सशक्तिकरण, आत्मनिर्भरता और सामाजिक भागीदारी का संदेश देने वाला महत्वपूर्ण कार्यक्रम होगा।
यह भी पढ़े : CG News : छत्तीसगढ़ में PM आवास योजना को मिली रफ्तार, ढाई साल में 11 लाख से ज्यादा मकान पूरे


