CG News : कच्चे मकान से पक्के घर तक पहुंचा सुखनी का परिवार, पीएम-जनमन और महतारी वंदन योजना से बदली जिंदगी
CG News : कभी मिट्टी के कच्चे मकान में बरसात और मौसम की मार झेलने वाला पहाड़ी कोरवा जनजाति का सुखनी का परिवार आज पक्के घर में सुरक्षित जीवन बिता रहा है। सरगुजा जिले की ग्राम पंचायत खाला के आश्रित ग्राम कुबेरपुर निवासी सुखनी को प्रधानमंत्री जनजाति आदिवासी न्याय महाअभियान (पीएम-जनमन) के तहत पक्का आवास मिला है। इसके साथ ही महतारी वंदन योजना के तहत हर महीने मिलने वाली एक हजार रुपये की सहायता से उन्हें घरेलू जरूरतें पूरी करने में मदद मिल रही है।

पीएम-जनमन योजना से पूरा हुआ पक्के घर का सपना
सुखनी ने बताया कि पहले उनका पांच सदस्यीय परिवार मिट्टी के कच्चे मकान में रहता था। बरसात के दिनों में घर की हालत खराब हो जाती थी और मौसम बदलने के साथ परिवार को कई परेशानियों का सामना करना पड़ता था। आर्थिक स्थिति ऐसी नहीं थी कि वे खुद पक्का मकान बनवा सकें। पीएम-जनमन योजना के तहत आवास मिलने से उनका वर्षों पुराना सपना पूरा हो गया। अब परिवार को सुरक्षित छत मिली है और सभी सदस्य बिना चिंता के अपने घर में रह रहे हैं।
महतारी वंदन के एक हजार रुपये से आसान हुई घरेलू जरूरतें
सुखनी को महतारी वंदन योजना के तहत प्रतिमाह एक हजार रुपये की आर्थिक सहायता भी मिल रही है। उन्होंने बताया कि इस राशि से तेल, साबुन, हल्दी-मसाले सहित रोजमर्रा की जरूरी सामग्री खरीदने में मदद मिलती है। नियमित आर्थिक सहायता से परिवार की छोटी-छोटी जरूरतें पूरी करना आसान हुआ है। सुखनी ने पक्का आवास और आर्थिक सहयोग मिलने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रति आभार जताया। शासन की इन योजनाओं से विशेष पिछड़ी जनजाति परिवारों तक आवास और आर्थिक सहायता जैसी सुविधाएं पहुंच रही हैं, जिससे उनके जीवन में बदलाव देखने को मिल रहा है।


