CG News : छत्तीसगढ़ के किसानों को बड़ी राहत! 21 क्विंटल से कम धान बेचने पर भी मिलेगी अंतर की राशि, CM साय का बड़ा ऐलान
CG News : छत्तीसगढ़ सरकार ने किसानों के हित में बड़ा फैसला लेते हुए 21 क्विंटल प्रति एकड़ से कम धान बेचने वाले किसानों को भी निर्धारित सीमा तक अंतर की राशि देने का निर्णय लिया है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने स्पष्ट किया है कि अब कम उत्पादन के कारण कोई भी किसान इस आर्थिक लाभ से वंचित नहीं रहेगा। सरकार के इस फैसले से उन किसानों को भी राहत मिलेगी, जिनके खेतों में अलग-अलग परिस्थितियों के कारण प्रति एकड़ 21 क्विंटल धान का उत्पादन नहीं हो पाता।

कम धान बेचने वाले किसानों को भी मिलेगा पूरा लाभ
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने पत्रकारों से चर्चा के दौरान कहा कि प्रदेश के सभी क्षेत्रों में खेती की परिस्थितियां और उत्पादन क्षमता एक जैसी नहीं हैं। ऐसे में कम उत्पादन करने वाले किसानों को भी 21 क्विंटल प्रति एकड़ की निर्धारित सीमा तक अंतर की राशि उनके बैंक खातों में प्रदान की जाएगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि वह स्वयं किसान परिवार से आते हैं और खेती-किसानी की चुनौतियों को अच्छी तरह समझते हैं। सरकार का उद्देश्य है कि कम उत्पादन के चलते किसी किसान को आर्थिक नुकसान न उठाना पड़े।
किसानों की खुशहाली सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता
मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार किसानों की आर्थिक समृद्धि और उनकी मेहनत का उचित मूल्य दिलाने के लिए लगातार काम कर रही है। धान खरीदी की व्यवस्था को अधिक पारदर्शी और सुविधाजनक बनाया जा रहा है, ताकि किसानों को खरीदी केंद्रों पर किसी तरह की परेशानी न हो। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गारंटी के अनुरूप सरकार किसानों के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है। किसानों को आर्थिक सहायता और बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराकर खेती को लाभकारी बनाना तथा ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करना सरकार का लक्ष्य है। मुख्यमंत्री के मुताबिक अन्नदाताओं की समृद्धि ही विकसित छत्तीसगढ़ की मजबूत नींव है।
यह भी पढ़े : CG News: बेटे के पैरों का ऑपरेशन नहीं करा पा रहा था पिता, CM साय ने दिए तत्काल इलाज के निर्देश



One Response