CG News : सरगुजा ओलंपिक का भव्य आगाज, 4.16 लाख युवाओं ने कराया पंजीयन; जल्द खुलेगी खेल अकादमी
CG News : छत्तीसगढ़ के सरगुजा संभाग में खेल प्रतिभाओं को नया मंच देने के लिए संभाग स्तरीय सरगुजा ओलंपिक का भव्य शुभारंभ किया गया। उप मुख्यमंत्री एवं खेल मंत्री अरुण साव ने पीजी कॉलेज मैदान में ‘खेले बर आगू आहू, सरगुजा के मान बढ़ाहू’ के संदेश के साथ प्रतियोगिता की शुरुआत की। इस वर्ष सरगुजा ओलंपिक के लिए 4 लाख 16 हजार 813 युवाओं ने पंजीयन कराया है। शुभारंभ समारोह में पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल सहित जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में खिलाड़ी मौजूद रहे।

4 लाख से ज्यादा खिलाड़ियों का उत्साह
उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि सरगुजा ओलंपिक केवल खिलाड़ी तैयार करने का आयोजन नहीं, बल्कि युवाओं में अनुशासन, आत्मविश्वास और खेल भावना विकसित करने का माध्यम है। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री खेल उत्कर्ष योजना के लिए 100 करोड़ रुपये का बजट प्रावधान किया गया है, जबकि स्पोर्ट्स साइंस और खेल अधोसंरचना के विकास पर 250 करोड़ रुपये से अधिक खर्च किए जा रहे हैं। सरकार का प्रयास है कि ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों की प्रतिभाओं को भी राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचने के बेहतर अवसर मिलें।

सरगुजा में जल्द खुलेगी खेल अकादमी
मुख्यमंत्री की खेल विकास नीति का उल्लेख करते हुए अरुण साव ने घोषणा की कि सरगुजा में जल्द ही खेल अकादमी शुरू की जाएगी, जहां स्थानीय खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण और सुविधाएं मिल सकेंगी। उन्होंने कहा कि खेल का मैदान व्यक्ति को स्वास्थ्य, अनुशासन, आत्मविश्वास और सम्मान देता है। शुभारंभ के अवसर पर जशपुर और बलरामपुर की टीमों के बीच रस्साकसी प्रतियोगिता भी आयोजित हुई। मंत्री राजेश अग्रवाल ने कहा कि गांव के मैदानों से निकलने वाली प्रतिभाएं भविष्य में राष्ट्रीय स्तर पर सरगुजा का नाम रोशन करेंगी।



One Response