CG News: धमतरी में शुरू हुई कयाकिंग अकादमी, युवाओं को मिलेगा रोजगार का मौका
CG News: धमतरी जिले में जल पर्यटन और साहसिक खेलों को बढ़ावा देने की दिशा में नई पहल शुरू हुई है. स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर रुद्री बांध परिसर में कयाकिंग अकादमी का शुभारंभ किया गया. नगर निगम धमतरी के महापौर रामू रोहरा ने अकादमी की शुरुआत की. इस पहल से युवाओं को प्रशिक्षण के साथ रोजगार के नए अवसर मिलने की उम्मीद है.

युवाओं और महिला समूहों को मिलेगा फायदा
कयाकिंग अकादमी गंगरेल ब्लू एडवेंचर स्पोर्ट्स एसोसिएशन छत्तीसगढ़ और कर्मा महिला स्व-सहायता समूह रुद्री के सहयोग से शुरू की गई है. इसका उद्देश्य केवल साहसिक खेलों को बढ़ावा देना नहीं है, बल्कि स्थानीय युवाओं को प्रशिक्षण देकर पर्यटन क्षेत्र में रोजगार से जोड़ना भी है. महिला स्व-सहायता समूहों की भागीदारी से स्थानीय स्तर पर आजीविका के अवसर मजबूत होने की उम्मीद है.

जल क्रीड़ा के साथ पर्यावरण पर भी जोर
कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने बताया कि आने वाले समय में कयाकिंग के अलावा अन्य जल क्रीड़ा गतिविधियों का भी विस्तार किया जाएगा. जलाशय की स्वच्छता और जल गुणवत्ता बेहतर करने के लिए बायो-क्यूब लगाए जाएंगे. इनका उद्देश्य प्रदूषण और दुर्गंध को जैविक तरीके से कम करना है, ताकि जल क्रीड़ा स्थलों को स्वच्छ और सुरक्षित बनाया जा सके.
महापौर और कलेक्टर ने खुद चलाया कयाक
रुद्री बांध की प्राकृतिक सुंदरता को देखते हुए कयाकिंग को पर्यटन के लिए नया आकर्षण माना जा रहा है. महापौर रामू रोहरा और कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने स्वयं कयाक में बैठकर चप्पू चलाया और इस साहसिक गतिविधि का अनुभव लिया. अकादमी का संदेश “Paddle Your Way to Adventure – Live Life One Stroke at a Time” रखा गया है, जो युवाओं में साहस और आत्मविश्वास बढ़ाने पर केंद्रित है.
रुद्री और गंगरेल को मिलेगी नई पहचान
कयाकिंग अकादमी शुरू होने से धमतरी के रुद्री और गंगरेल क्षेत्र में इको-टूरिज्म को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है. जल क्रीड़ा, प्राकृतिक सुंदरता और स्थानीय रोजगार के अवसरों का विस्तार होने से यह क्षेत्र पर्यटकों के लिए और आकर्षक बन सकता है. आने वाले समय में यहां अन्य जल गतिविधियां शुरू होने पर धमतरी को साहसिक पर्यटन के क्षेत्र में नई पहचान मिलने की संभावना है.


