CG News: सक्ती में 122 करोड़ के 38 विकास कार्य, सड़क, शिक्षा और स्वास्थ्य को मिलेगी बड़ी मजबूती
CG News: छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले को शुक्रवार को करीब 122 करोड़ रुपए के विकास कार्यों की बड़ी सौगात मिली. ग्राम जेठा में आयोजित कार्यक्रम में केंद्रीय ग्रामीण विकास एवं कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने 121 करोड़ 70 लाख रुपए से अधिक लागत के 38 विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन किया. इनमें 23 कार्यों का भूमिपूजन और 15 विकास कार्यों का लोकार्पण शामिल है.

79 करोड़ से अधिक के कार्यों का भूमिपूजन
कार्यक्रम में करीब 79.25 करोड़ रुपए की लागत वाले 23 विकास कार्यों की आधारशिला रखी गई. इनमें देवरघटा से सपिया नहरपार तक 22 किलोमीटर लंबी सड़क का निर्माण करीब 25.82 करोड़ रुपए की लागत से किया जाएगा. इसके अलावा छुहीपाली से सेमराडीह तक 12 किलोमीटर सड़क के चौड़ीकरण और नवीनीकरण पर करीब 15.30 करोड़ रुपए खर्च होंगे. कई अन्य ग्रामीण सड़कों का निर्माण भी प्रस्तावित है.

शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं को मिलेगा विस्तार
सक्ती में शिक्षा और युवाओं से जुड़े कई नए निर्माण कार्यों का भी भूमिपूजन किया गया. शासकीय कन्या महाविद्यालय सक्ती के नए भवन, बेदराम शासकीय महाविद्यालय मालखरौदा के अतिरिक्त भवन और नवीन लाइवलीहुड संस्थान भवन का निर्माण होगा. इसके साथ ही अलग-अलग गांवों में उप स्वास्थ्य केंद्र भवन और महिलाओं के लिए महतारी सदनों का निर्माण किया जाएगा, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में सुविधाओं का विस्तार होगा.

42 करोड़ से ज्यादा के विकास कार्यों का लोकार्पण
कार्यक्रम के दौरान करीब 42.46 करोड़ रुपए की लागत वाले 15 विकास कार्य जनता को समर्पित किए गए. इनमें मालखरौदा क्षेत्र में कलमी नहरपार से बेल्हाडीह तक करीब 14.35 करोड़ रुपए की लागत से बनी सड़क और देवरघटा से ओड़ेकेरा मुख्य मार्ग तक करीब 11.35 करोड़ रुपए की लागत से पुल-पुलिया सहित निर्मित सड़क शामिल है. बुंदेली-अड़भार मार्ग का भी लोकार्पण किया गया.
जल जीवन मिशन और सुरक्षा से जुड़े प्रोजेक्ट भी पूरे
लोकार्पित कार्यों में जल जीवन मिशन के तहत स्थापित सोलर ड्यूल पंप भी शामिल हैं. इसके अलावा चंद्रपुर और हसौद के नए तहसील कार्यालय भवन, डभरा, चंद्रपुर और जैजैपुर के नए पुलिस थाना भवन, अड़भार पुलिस चौकी भवन, सुलौनी हाईस्कूल भवन, गोपालपुर प्रशिक्षण भवन और गोबरा में महतारी सदन सहित कई परियोजनाएं जनता को समर्पित की गईं. इन कार्यों से जिले में सड़क संपर्क, प्रशासन, सुरक्षा, शिक्षा, स्वास्थ्य और ग्रामीण अधोसंरचना को मजबूती मिलेगी.


One Response