CG News: राशनकार्डधारियों के लिए केरोसिन का आबंटन जारी, सभी पात्र राशनकार्डधारियों को मिलेगा लाभ
CG News: छत्तीसगढ़ राज्य में सार्वजनिक वितरण प्रणाली (पीडीएस) के तहत अप्रैल 2026 के लिए केरोसिन का आबंटन जारी कर दिया गया है। खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग ने केंद्र सरकार से प्राप्त प्रथम तिमाही (अप्रैल-जून) के कोटे में से 528 किलोलीटर केरोसिन राशनकार्डधारियों के लिए आवंटित किया है। यह केरोसिन उचित मूल्य दुकानों के माध्यम से वितरित किया जाएगा और इसका लाभ अंत्योदय तथा प्राथमिकता श्रेणी के सभी राशनकार्डधारियों को मिलेगा।

वितरण की विशेष व्यवस्था
शहरी क्षेत्रों में प्रत्येक राशनकार्डधारी को अधिकतम 1 लीटर और ग्रामीण क्षेत्रों में अनुसूचित एवं गैर-अनुसूचित दोनों श्रेणियों के लिए अधिकतम 2 लीटर केरोसिन दिया जाएगा। राज्य शासन ने सभी कलेक्टरों को निर्देश दिए हैं कि केरोसिन का समय-सीमा में उठाव और वितरण सुनिश्चित किया जाए। साथ ही स्थानीय स्तर पर प्रचार-प्रसार कर हितग्राहियों को उनकी पात्रता की जानकारी देने का भी आदेश दिया गया है।
स्टॉक का पुनःआबंटन और अंतिम तिथि
जिन दुकानों में केरोसिन की मांग कम है, वहां शेष स्टॉक को जरूरत वाले दुकानों में पुनः आबंटित किया जाएगा ताकि किसी भी क्षेत्र में कमी न हो और सभी पात्र हितग्राहियों को निर्धारित मात्रा मिल सके। अप्रैल माह के लिए आवंटित केरोसिन का उठाव 30 अप्रैल 2026 तक अनिवार्य है। ऑयल कंपनियों को लैप्स कोटे की जानकारी विभाग को 30 अप्रैल तक उपलब्ध करानी होगी।
जिला अनुसार आबंटन का विवरण
बिलासपुर जिले को सर्वाधिक 36 किलोलीटर, बस्तर, कांकेर, जांजगीर-चांपा, कोरबा, दुर्ग, बलौदाबाजार-भाटापारा, महासमुंद, रायपुर और जशपुर को 24-24 किलोलीटर तथा अन्य जिलों को 12-12 किलोलीटर केरोसिन आवंटित किया गया है। इस व्यवस्था से यह सुनिश्चित किया गया है कि राज्य के सभी पात्र हितग्राहियों को समय पर निर्धारित मात्रा मिल सके।

