CG News: विधानसभा परिसर में तीन दिवसीय स्वास्थ्य शिविर का शुभारंभ, मुख्यमंत्री साय ने दिया जागरूकता का संदेश
CG News: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आज छत्तीसगढ़ विधानसभा परिसर में आयोजित तीन दिवसीय स्वास्थ्य शिविर का शुभारंभ किया, इस अवसर पर नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत, स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल सहित स्वास्थ्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे.

मुख्यमंत्री ने कराया स्वास्थ्य परीक्षण
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने स्वयं स्वास्थ्य जांच कराकर लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने का सशक्त संदेश दिया, उन्होंने कहा कि वर्तमान जीवनशैली में शारीरिक गतिविधियों में कमी के कारण विभिन्न प्रकार की बीमारियां तेजी से बढ़ रही हैं, ऐसे में नियमित स्वास्थ्य जांच बेहद आवश्यक हो गई है.

नियमित जांच से बीमारियों से बचाव
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि समय-समय पर स्वास्थ्य परीक्षण कराने से व्यक्ति समय रहते सतर्क रह सकता है और आवश्यक सावधानियां अपनाकर गंभीर बीमारियों से बचाव कर सकता है, उन्होंने जोर देकर कहा कि स्वस्थ नागरिक ही सशक्त समाज और समृद्ध राज्य की नींव होते हैं.
CM साय ने की पहल की सराहना
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने डॉ. रमन सिंह द्वारा इस स्वास्थ्य शिविर के आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि, ऐसे प्रयास न केवल लोगों को जागरूक करते हैं, बल्कि उन्हें अपने स्वास्थ्य के प्रति जिम्मेदार बनने के लिए भी प्रेरित करते हैं, इस अवसर पर स्वास्थ्य विभाग के सचिव अमित कटारिया, संचालक स्वास्थ्य संजीव कुमार झा, सीजीएमएससी के प्रबंध संचालक रितेश अग्रवाल सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे.



