CG News: धमतरी के कोर्रा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र को मिला राष्ट्रीय गुणवत्ता प्रमाणन, 96.33% अंकों के साथ छत्तीसगढ़ में रहा टॉप पर
CG News: छत्तीसगढ़ के ग्रामीण अंचल में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता को लेकर एक बेहतरीन खबर सामने आई है, धमतरी जिले के कोर्रा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC) ने राष्ट्रीय गुणवत्ता आश्वासन मानक (NQAS) के बाहरी मूल्यांकन में 96.33 प्रतिशत अंक प्राप्त कर उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है, छत्तीसगढ़ के जिन पांच सार्वजनिक स्वास्थ्य संस्थानों को गुणवत्ता प्रमाणन दिया गया है, उनमें कोर्रा PHC का स्कोर पूरे प्रदेश में सबसे अधिक रहा है.

गुणवत्ता प्रमाणन की जानकारी
राष्ट्रीय स्वास्थ्य प्रणाली संसाधन केंद्र (NHSRC) ने 7 अक्टूबर 2026 को छत्तीसगढ़ राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM) के मिशन संचालक को पत्र जारी कर राज्य के पांच स्वास्थ्य संस्थानों को गुणवत्ता प्रमाणन दिए जाने की आधिकारिक जानकारी दी, जारी पत्र के अनुसार कोर्रा PHC का बाहरी मूल्यांकन इसी साल 3 और 4 जुलाई को किया गया था, जिसके सफल निरीक्षण के बाद यह राष्ट्रीय प्रमाण पत्र प्रदान किया गया है.

विभिन्न पहलुओं पर परखी गई स्वास्थ्य सेवाएं
NQAS के तहत सरकारी अस्पतालों और स्वास्थ्य केंद्रों में मरीजों को मिलने वाली सुविधाओं, क्लिनिकल केयर, संक्रमण नियंत्रण, उपलब्ध संसाधनों, मरीजों के अधिकारों और गुणवत्ता प्रबंधन का कड़ाई से मूल्यांकन किया जाता है, इसका मुख्य उद्देश्य सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में सुरक्षित, स्वच्छ और विश्वस्तरीय चिकित्सा सुविधाएं प्रदान करना है, जिसमें कोर्रा PHC ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है.

पांच स्वास्थ्य संस्थानों में कोर्रा PHC रहा शीर्ष पर
NHSRC की रिपोर्ट के अनुसार प्रदेश के पांच प्रमाणित संस्थानों में धमतरी का कोर्रा PHC 96.33% के साथ पहले स्थान पर रहा, जबकि कोरिया का बंजारीडांड PHC 94.61% के साथ दूसरे और खैरागढ़-छुईखदान-गंडई का मुड़ीपार PHC 92.48% के साथ तीसरे स्थान पर रहा, इसके अलावा बीजापुर के भैरमगढ़ CHC को 89.91% और बलरामपुर के रामचंद्रपुर PHC को 80.85% अंक प्राप्त हुए हैं.
स्थानीय जनता के सहयोग को दिया श्रेय
इस बड़ी उपलब्धि पर ब्लॉक मेडिकल ऑफिसर डॉ. हेमराज देवांगन ने कहा कि यह प्रमाणन केंद्र में उपलब्ध बेहतर सुविधाओं और गुणवत्तापूर्ण सेवाओं का परिणाम है, उन्होंने इसका श्रेय राज्य सरकार के सहयोग और स्थानीय ग्रामीणों के विश्वास को दिया, उन्होंने विश्वास जताया कि भविष्य में भी इस गुणवत्ता मानक को बनाए रखते हुए ग्रामीण आबादी को समय पर बेहतर इलाज, जांच और दवाइयां उपलब्ध कराई जाती रहेंगी.


One Response