CG News: रायपुर में राज्य स्तरीय रोजगार मेले का समापन, 5 हजार से अधिक अभ्यर्थियों का चयन, CM साय ने बांटे ऑफर लेटर
CG News: छत्तीसगढ़ के युवाओं को रोजगार के नए अवसरों से जोड़ने के लिए रायपुर के सरदार बलबीर सिंह जुनेजा इंडोर स्टेडियम में आयोजित दो दिवसीय राज्य स्तरीय रोजगार मेला-2026 का गुरुवार को समापन हुआ, इस मेगा इवेंट के समापन समारोह में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए, उन्होंने विभिन्न कंपनियों में चयनित युवाओं को अपने हाथों से करीब 1,100 नियुक्ति और ऑफर लेटर बांटे.

5 हजार का हुआ चयन
7 और 8 अक्टूबर को आयोजित इस विशाल रोजगार मेले में प्रदेश के विभिन्न जिलों, विशेषकर दूरस्थ और वनांचल क्षेत्रों से 13 हजार से अधिक युवा भाग लेने रायपुर पहुंचे, मेले में 95 से अधिक प्रतिष्ठित नियोक्ता कंपनियों ने भाग लिया, जहाँ आवेदकों के साक्षात्कार और दस्तावेज सत्यापन की प्रक्रिया के बाद 5 हजार से अधिक युवाओं को अंतिम रूप से नौकरी के लिए चुना गया.

पलायन रोकने पर सरकार का जोर
समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि सरकार का मुख्य लक्ष्य युवाओं को उनकी योग्यता के अनुसार छत्तीसगढ़ में ही रोजगार उपलब्ध कराना है, ताकि उन्हें काम की तलाश में दूसरे राज्यों की ओर पलायन न करना पड़े, उन्होंने जानकारी दी कि पिछले ढाई वर्षों में प्रदेश में 925 रोजगार मेलों के माध्यम से 25 हजार से अधिक युवाओं को रोजगार के अवसरों से जोड़ा गया है.
ई-रोजगार पोर्टल बनेगा ‘स्किल मार्केट’
रोजगार मेले की पूरी प्रक्रिया को ई-रोजगार पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन संचालित किया गया, मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि इस डिजिटल पोर्टल को अब ‘स्किल मार्केट’ के रूप में विकसित किया जा रहा है, जिससे कंपनियों की वैकेंसी और युवाओं के कौशल की जानकारी एक ही जगह उपलब्ध होगी, इसके अतिरिक्त कार्यक्रम में क्वालिटी काउंसिल ऑफ इंडिया (QCI) द्वारा पॉलिटेक्निक कॉलेजों की गुणवत्ता पर तैयार थर्ड पार्टी रिपोर्ट भी जारी की गई.
जारी रहेंगे प्रयास
कार्यक्रम के दौरान तकनीकी शिक्षा एवं रोजगार मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ने युवाओं को हुनर के आधार पर आजीविका से जोड़ने के प्रयासों पर प्रकाश डाला, वहीं मुख्यमंत्री ने मेले में चयनित न हो पाने वाले अभ्यर्थियों का हौसला बढ़ाते हुए कहा कि आगे भी कौशल विकास और रोजगार मेलों के जरिए अवसर प्रदान किए जाएंगे, उन्होंने युवाओं को लगन और मेहनत से कार्य कर प्रदेश का नाम रोशन करने की शुभकामनाएं दीं.

