CG News: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का 22-23 अक्टूबर को दो दिवसीय छत्तीसगढ़ दौरा, बस्तर दशहरा और रायपुर के कार्यक्रमों में होंगी शामिल
CG News: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू आगामी 22 और 23 अक्टूबर को दो दिवसीय दौरे पर छत्तीसगढ़ आ रही हैं, अपने इस प्रवास के दौरान राष्ट्रपति राजधानी रायपुर और ऐतिहासिक जगदलपुर में आयोजित विभिन्न महत्वपूर्ण कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगी, उल्लेखनीय है कि हाल ही में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने राष्ट्रपति से मुलाकात कर उन्हें विश्व प्रसिद्ध बस्तर दशहरा में शामिल होने का आत्मीय न्यौता दिया था, जिसके बाद उनका यह दौरा तय हुआ है.

तैयारियों को लेकर उच्चस्तरीय बैठक
राष्ट्रपति के आगामी प्रवास को देखते हुए मुख्य सचिव विकासशील ने शासन के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ एक उच्चस्तरीय बैठक बुलाई, बैठक में राष्ट्रपति की सुरक्षा, वीआईपी प्रोटोकॉल, आवास, परिवहन और स्वास्थ्य सेवाओं के पुख्ता इंतजाम तय मानकों के अनुरूप सुनिश्चित करने के कड़े निर्देश दिए गए, इस संपूर्ण प्रवास कार्यक्रम के सफल संचालन के लिए छत्तीसगढ़ संस्कृति विभाग को नोडल विभाग बनाया गया है.
प्रमुख कार्यक्रमों में होंगी शामिल
जारी कार्यक्रम के अनुसार राष्ट्रपति अपने प्रवास के दौरान रायपुर स्थित लोकभवन तथा बलबीर सिंह जुनेजा इंडोर स्टेडियम बूढ़ापारा में आयोजित कार्यक्रमों में शिरकत करेंगी, इसके बाद वे जगदलपुर के लालबाग ग्राउंड में आयोजित होने वाले ऐतिहासिक ‘मुरिया दरबार’ और बस्तर दशहरा के भव्य सार्वजनिक कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगी.
सुरक्षा के कड़े इंतजाम
मुख्य सचिव ने रायपुर और बस्तर संभाग के कलेक्टरों व पुलिस अधीक्षकों को सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रखने के निर्देश दिए हैं, स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट रायपुर और मां दंतेश्वरी एयरपोर्ट जगदलपुर से लेकर सभी कार्यक्रम स्थलों व कारकेड मार्गों पर सुगम यातायात और अभेद्य सुरक्षा व्यवस्था का जिम्मा संबंधित जिला प्रशासन व पुलिस कप्तानों को सौंपा गया है.
दिए गए विशेष निर्देश
राष्ट्रपति और उनके साथ आने वाले विशिष्ट अतिथियों के ठहरने के लिए सर्वसुविधायुक्त व्यवस्थाएं की जा रही हैं, इसके साथ ही स्वास्थ्य विभाग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों और प्रोटोकॉल के अनुसार एम्बुलेंस, विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम तथा आपातकालीन चिकित्सा सुविधाओं की तैनाती की जाएगी, प्रशासन का पूरा ध्यान आयोजन को भव्य और सुरक्षित बनाने पर केंद्रित है.


One Response