CG News: छत्तीसगढ़ में मतदाता सूची का विशेष अपडेट अभियान शुरू, नए युवा मतदाताओं और छूटे पात्रों को जोड़ने पर फोकस
CG News: छत्तीसगढ़ निर्वाचन विभाग द्वारा राज्य में मतदाता सूची को अद्यतन करने और नए मतदाताओं को जोड़ने के लिए एक व्यापक विशेष अभियान की शुरुआत की गई है, इस विशेष ड्राइव के तहत मुख्य रूप से युवा वर्ग और ऐसे पात्र नागरिकों को जोड़ने पर ध्यान केंद्रित किया जा रहा है जिनका नाम अब तक मतदाता सूची में दर्ज नहीं हो सका है.

स्कूलों में ELC और BLO द्वारा घर-घर सत्यापन अभियान
अभियान के तहत 9वीं से 12वीं कक्षा के विद्यार्थियों को जोड़ने के लिए स्कूलों में इलेक्टोरल लिटरेसी क्लब (ELC) के माध्यम से विशेष शिविर लगाए जाएंगे, इसके साथ ही बूथ लेवल ऑफिसर (BLO) घर-घर जाकर मतदाताओं का भौतिक सत्यापन कर रहे हैं, पुरानी व नई सूची का मिलान कर छूटे हुए पात्र नागरिकों की पहचान की जा रही है, ताकि फॉर्म-6 भरकर उनके नाम जोड़े जा सकें.

वंचित क्षेत्रों में भी विशेष शिविर
निर्वाचन आयोग ने प्रत्येक बीएलओ को प्रति सप्ताह 20 से 25 नए मतदाताओं को जोड़ने का स्पष्ट लक्ष्य सौंपा है, जिसे एक महीने के भीतर पूरा किया जाना है, इसके अलावा समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुँचने के लिए रैन बसेरों, श्रमिक बस्तियों तथा बेघर व वंचित नागरिकों के बीच भी विशेष पंजीयन शिविर आयोजित किए जा रहे हैं.
![]()
ऑनलाइन और ऑफलाइन आवेदन की प्रक्रिया उपलब्ध
नए मतदाता या संशोधन के इच्छुक नागरिक विभिन्न माध्यमों से आसानी से आवेदन कर सकते हैं, इसके लिए चुनाव आयोग का आधिकारिक पोर्टल (voters.eci.gov.in) और मोबाइल ऐप ‘ECINET’ उपलब्ध है, जिसमें ‘Book a Call with BLO’ की विशेष सुविधा दी गई है, इसके अलावा ऑफलाइन माध्यम से संबंधित क्षेत्र के बीएलओ से भी संपर्क किया जा सकता है.

हेल्पलाइन नंबर 1950 पर मिल सकेगी त्वरित सहायता
छत्तीसगढ़ निर्वाचन विभाग ने नागरिकों की सुविधा और मतदाता सूची से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए हेल्पलाइन नंबर 1950 जारी किया है, इस नंबर पर कॉल करके कोई भी नागरिक अपनी पात्रता, बीएलओ की जानकारी और आवेदन की प्रक्रिया के संबंध में विस्तृत सहायता प्राप्त कर सकता है, इस अभियान से प्रदेश में मतदाता जागरूकता को भी नई गति मिलेगी.


One Response