CG News: अंबिकापुर-निजामुद्दीन एक्सप्रेस का दूसरा फेरा शुरू, सांसद चिंतामणि महाराज ने दिखाई हरी झंडी
CG News: सरगुजा संभाग के रेल यात्रियों के लिए बड़ी खुशखबरी आई है. अंबिकापुर से दिल्ली (हजरत निजामुद्दीन) के बीच चलने वाली ‘अंबिकापुर-निजामुद्दीन एक्सप्रेस’ का दूसरा साप्ताहिक फेरा आखिरकार शुरू हो गया है. अब यह ट्रेन सप्ताह में केवल एक दिन के बजाय दो दिन संचालित होगी.

हरी झंडी दिखाकर किया रवाना
सरगुजा सांसद चिंतामणि महाराज ने अंबिकापुर रेलवे स्टेशन पहुंचकर विशेष समारोह में ट्रेन के दूसरे फेरे का शुभारंभ किया और इसे हरी झंडी दिखाकर दिल्ली के लिए रवाना किया. इस दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधि, रेल अधिकारी और बड़ी संख्या में यात्री उपस्थित रहे.
रेल मंत्री से मुलाकात के बाद मिली मंजूरी
सरगुजा के लोगों की यह मांग लंबे समय से लंबित थी. सांसद चिंतामणि महाराज ने दिल्ली जाकर रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से मुलाकात की थी और सरगुजा अंचल की भौगोलिक स्थिति व दिल्ली पर निर्भरता का हवाला देते हुए दूसरा फेरा शुरू करने का आग्रह किया था, जिसके बाद रेल मंत्रालय ने इसे स्वीकृति प्रदान की.
टिकट की मारामारी और वेटिंग लिस्ट से मिलेगी राहत
अब तक सप्ताह में केवल एक दिन चलने के कारण इस ट्रेन में कंफर्म सीट मिलना बेहद कठिन होता था. छुट्टियों, त्योहारों और शादी-ब्याह के सीजन में महीने भर पहले से सीटें फुल हो जाती थीं. दूसरा फेरा शुरू होने से यात्रियों को तत्काल टिकटों पर निर्भरता से मुक्ति मिलेगी और वेटिंग लिस्ट की समस्या काफी हद तक खत्म होगी.
कई शहरों से बढ़ी कनेक्टिविटी
यह ट्रेन अंबिकापुर से रवाना होकर दिल्ली जाने के क्रम में अनूपपुर, कटनी, सागर, झांसी और ग्वालियर जैसे मध्य प्रदेश व उत्तर प्रदेश के प्रमुख शहरों को जोड़ती है. अतिरिक्त फेरा शुरू होने से विद्यार्थियों, नौकरीपेशा युवाओं, व्यापारियों और इलाज के लिए दिल्ली जाने वाले मरीजों को काफी सहूलियत होगी.


One Response