CG News: महतारी वंदन योजना बनी बिंदिया बाई के कारोबार का सहारा, महिला की स्वावलंबन की प्रेरणादायक कहानी
CG News: छत्तीसगढ़ के मरवाही विकासखंड स्थित ग्राम धरहर की रहने वाली बिंदिया बाई प्रजापति के पास हाथों में हुनर तो था, लेकिन आर्थिक तंगी आगे बढ़ने में रोड़ा बन रही थी, अपने परिवार के साथ पुश्तैनी ईंट निर्माण व्यवसाय में जुटी बिंदिया बाई के लिए सीमित आमदनी के कारण कारोबार की सामग्री जुटाना मुश्किल होता था, लेकिन राज्य सरकार की महतारी वंदन योजना से मिलने वाली राशि ने उनकी जिंदगी में एक नया मोड़ ला दिया है.

उधार से मिली मुक्ति और बढ़ी आत्मनिर्भरता
पहले ईंटों को पकाने के लिए मिट्टी, भूसी और लकड़ी जैसी जरूरी सामग्री खरीदने हेतु बिंदिया बाई को दूसरों से उधार लेना पड़ता था, हर छोटी जरूरत के लिए कर्ज पर निर्भर रहने से परिवार पर आर्थिक दबाव बना रहता था, महतारी वंदन योजना के तहत हर महीने मिलने वाले 1,000 रुपये ने इस स्थिति को बदल दिया है और अब उन्हें दूसरों के सामने हाथ नहीं फैलाना पड़ता है.
1,000 रुपये की राशि बनी कारोबार की पूंजी
बिंदिया बाई ने योजना से मिलने वाली 1,000 रुपये की मासिक सहायता को केवल घरेलू खर्च तक सीमित नहीं रखा, समझदारी दिखाते हुए उन्होंने इस राशि को अपने ईंट निर्माण के पैतृक व्यवसाय की नियमित पूंजी बना लिया, इस मदद से वे अब बिना कर्ज लिए समय पर जरूरी सामान जुटा पाती हैं, जिससे उनके व्यवसाय को मजबूती और परिवार को आर्थिक स्थिरता मिली है.
दोहरी खुशी: मिला पक्का मकान भी
बिंदिया बाई के परिवार को केवल महतारी वंदन योजना का ही सहारा नहीं मिला, बल्कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत उन्हें एक पक्का मकान भी स्वीकृत हुआ है, एक तरफ महतारी वंदन की नियमित राशि से आजीविका और व्यापार सुरक्षित हुआ है, तो दूसरी तरफ प्रधानमंत्री आवास योजना ने उनके परिवार को एक सुरक्षित और पक्की छत प्रदान की है.
मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री का जताया आभार
अपनी जिंदगी में आए इस बड़े और सकारात्मक बदलाव से बेहद खुश बिंदिया बाई ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का आभार व्यक्त किया है, उन्होंने कहा कि सरकारी योजनाओं के इस दोहरे लाभ से उनका परिवार न केवल स्वावलंबी और सशक्त बना है, बल्कि वे अब अपने पुश्तैनी हुनर के बल पर बेहतर भविष्य की नींव रख रही हैं.

