CG News: छत्तीसगढ़ को PM आवास योजना की बड़ी सौगात, 3.65 लाख अतिरिक्त घरों को केंद्र की मंजूरी
CG News: छत्तीसगढ़ में प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण का दायरा अब और बढ़ गया है. केंद्र सरकार ने प्रदेश के लिए 3.65 लाख अतिरिक्त पीएम आवासों को मंजूरी दी है. सक्ती में आयोजित प्रधानमंत्री आवास गृह प्रवेश और लखपति दीदी सम्मेलन में केंद्रीय ग्रामीण विकास एवं कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने इसकी घोषणा की और स्वीकृति पत्र मुख्यमंत्री विष्णु देव साय को सौंपा.

2 लाख परिवारों को एक साथ मिली घर की चाबी
कार्यक्रम के दौरान प्रदेशभर में नवनिर्मित 2 लाख पीएम आवासों में हितग्राहियों का एक साथ गृह प्रवेश कराया गया. इस दौरान परिवारों को उनके पक्के घरों की चाबियां सौंपी गईं. शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि छत्तीसगढ़ में हर दिन 1,600 से अधिक पीएम आवास बनकर तैयार हो रहे हैं. ग्रामीण इलाकों में आवास के साथ सड़क, पेयजल, स्वच्छता, स्वास्थ्य और आजीविका से जुड़ी सुविधाओं पर भी काम किया जा रहा है.

बस्तर में सर्वे की समय-सीमा बढ़ी
केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने सक्ती जिले के लिए कृषि विज्ञान केंद्र खोलने की घोषणा भी की. इसके अलावा बस्तर संभाग में पीएम आवास योजना-ग्रामीण के सर्वे की समय-सीमा बढ़ाकर 31 अक्टूबर 2026 कर दी गई है. सरकार का लक्ष्य है कि पात्र परिवारों को योजना के दायरे में लाकर पक्के आवास का लाभ दिया जाए और ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं का विस्तार किया जाए.
गरीब का पक्का घर सर्वोच्च प्राथमिकता
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि गरीब परिवारों को पक्का मकान उपलब्ध कराना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है. उन्होंने बताया कि राज्य सरकार ने अपनी पहली कैबिनेट बैठक में ही 18 लाख प्रधानमंत्री आवासों को मंजूरी देकर अपनी प्राथमिकता स्पष्ट कर दी थी. मुख्यमंत्री के मुताबिक, पिछले ढाई वर्षों में प्रदेश में 11.50 लाख से अधिक आवास पूरे किए जा चुके हैं. उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने भी कहा कि कोई पात्र परिवार पक्के आवास से वंचित नहीं रहेगा.
शिवराज ने कांग्रेस सरकार पर लगाए गंभीर आरोप
कार्यक्रम से पहले रायपुर एयरपोर्ट पर मीडिया से चर्चा करते हुए शिवराज सिंह चौहान ने पूर्ववर्ती भूपेश बघेल सरकार पर निशाना साधा. उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र से गरीबों के आवास के लिए भेजी गई राशि को कांग्रेस सरकार ने रोककर रखा और जरूरतमंद परिवारों को पक्के मकानों से वंचित किया. चौहान ने कहा कि गरीबों के अधिकार के लिए भाजपा ने ‘मोर आवास मोर अधिकार’ आंदोलन चलाया था. उन्होंने कांग्रेस और पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल पर छत्तीसगढ़ को नुकसान पहुंचाने का भी आरोप लगाया.

One Response