CG News: मुख्यमंत्री साय ने मेधावी विद्यार्थियों से किया संवाद, सफलता के मंत्र और संघर्ष की कहानी की साझा
CG News: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास में कक्षा 10वीं और 12वीं की प्रावीण्य सूची में स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों से आत्मीय मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने छात्रों को शुभकामनाएं देते हुए उनके भविष्य, पढ़ाई और सपनों को लेकर खुलकर चर्चा की।
“सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं”
मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि सफलता पाने के लिए मेहनत, अनुशासन और सकारात्मक सोच सबसे जरूरी हैं। उन्होंने कहा कि शिक्षा केवल अंक हासिल करने का माध्यम नहीं, बल्कि जीवन को सही दिशा देने वाली सबसे बड़ी शक्ति है, संवाद के दौरान मुख्यमंत्री ने एक-एक छात्र से उनका परिचय लिया और पूछा कि वे भविष्य में क्या बनना चाहते हैं। कई विद्यार्थियों ने डॉक्टर, इंजीनियर, आईएएस और आईपीएस बनने की इच्छा जताई। मुख्यमंत्री ने कहा कि बड़े सपने देखने वाले ही बड़ी उपलब्धियां हासिल करते हैं।

समय प्रबंधन और दिनचर्या पर जोर
मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों से उनकी पढ़ाई की आदतों और सफलता के अनुभव साझा करवाए। उन्होंने कहा कि नियमित अभ्यास, सही समय प्रबंधन और अनुशासित जीवनशैली सफलता की सबसे बड़ी कुंजी है, मुख्यमंत्री ने छात्रों को पढ़ाई के साथ स्वास्थ्य का भी ध्यान रखने की सलाह दी। उन्होंने योग और नियमित व्यायाम को मानसिक और शारीरिक मजबूती का आधार बताया। मुख्यमंत्री ने कहा कि वे स्वयं भी हर दिन योग करते हैं।
संघर्ष भरे जीवन की कहानी सुनाई
विद्यार्थियों के सवालों के जवाब देते हुए मुख्यमंत्री ने अपने जीवन के संघर्षों को भी साझा किया। उन्होंने बताया कि बचपन में पिता के निधन के बाद परिवार की जिम्मेदारी उनके कंधों पर आ गई थी। खेती-किसानी और परिवार की जिम्मेदारियों के बीच उन्होंने कठिन परिस्थितियों का सामना किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्होंने कभी नहीं सोचा था कि वे राजनीति में इतने बड़े पद तक पहुंचेंगे, लेकिन हर जिम्मेदारी को ईमानदारी और समर्पण के साथ निभाया।
राजनीति नहीं तो किसान बनते
मुख्यमंत्री ने कहा कि यदि वे राजनीति में नहीं आते तो खेती और कृषि नवाचार के क्षेत्र में काम करते। उन्होंने युवाओं को आधुनिक खेती, पशुपालन और कृषि आधारित रोजगार की ओर भी प्रेरित किया, उन्होंने विद्यार्थियों को अपने माता-पिता और शिक्षकों के प्रति सम्मान बनाए रखने की सीख दी। मुख्यमंत्री ने कहा कि परिवार और गुरु ही जीवन की पहली और सबसे महत्वपूर्ण शिक्षा देते हैं।
IPL मैच देखने का भी मिला मौका
प्रावीण्य सूची में शामिल विद्यार्थियों को राज्य सरकार की पहल पर एक दिन पहले नवा रायपुर स्थित शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में IPL मैच देखने का अवसर भी दिया गया। विद्यार्थियों ने इसे यादगार अनुभव बताया और मुख्यमंत्री के प्रति आभार जताया।



