CG News: छत्तीसगढ़ में 2,305 नए मोबाइल टावर लगाने के लिए सीएम साय ने केंद्र से मांगी मंजूरी
CG News: छत्तीसगढ़ के दूरस्थ, आदिवासी और नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में मोबाइल नेटवर्क मजबूत करने के लिए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने केंद्रीय संचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया से मुलाकात की. इस दौरान उन्होंने डिजिटल भारत निधि योजना के तहत प्रदेश में 2,305 नए मोबाइल टावरों की मंजूरी देने का अनुरोध किया. सरकार का लक्ष्य राज्य के अंतिम छोर तक डिजिटल कनेक्टिविटी पहुंचाना है.

शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं को मिलेगा लाभ
मुख्यमंत्री ने कहा कि मजबूत मोबाइल नेटवर्क से शिक्षा, स्वास्थ्य, बैंकिंग और ई-गवर्नेंस जैसी सेवाओं का तेजी से विस्तार होगा. खासतौर पर सीमावर्ती, वनांचल और दुर्गम गांवों में रहने वाले लोगों को डिजिटल सेवाओं का सीधा लाभ मिलेगा. इससे ग्रामीण क्षेत्रों में विकास कार्यों को भी नई गति मिलने की उम्मीद है.

577 अतिरिक्त टावरों पर जताया आभार
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने छत्तीसगढ़ के लिए 577 अतिरिक्त मोबाइल टावरों की स्वीकृति देने पर केंद्र सरकार का आभार भी व्यक्त किया. उन्होंने बताया कि इनमें से 489 स्थानों के लिए बीएसएनएल को एनओसी जारी की जा चुकी है और वहां टावर लगाने का काम शुरू हो गया है. बाकी 88 स्थानों के लिए भी जल्द मंजूरी मिलने की उम्मीद जताई गई है.
नक्सल प्रभावित क्षेत्रों पर रहेगा विशेष फोकस
मुख्यमंत्री ने कहा कि नक्सल प्रभावित इलाकों में बेहतर संचार व्यवस्था बेहद जरूरी है. मोबाइल नेटवर्क मजबूत होने से सुरक्षा एजेंसियों को सुविधा मिलेगी, वहीं स्थानीय लोगों तक सरकारी योजनाओं, ऑनलाइन सेवाओं और आपातकालीन सुविधाओं की पहुंच भी आसान हो जाएगी.

हर गांव तक पहुंचेगा डिजिटल नेटवर्क
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि डिजिटल कनेक्टिविटी आज विकास की सबसे महत्वपूर्ण जरूरत बन चुकी है. राज्य सरकार का लक्ष्य प्रदेश के हर गांव और हर नागरिक को डिजिटल मुख्यधारा से जोड़ना है. नए मोबाइल टावर स्थापित होने के बाद छत्तीसगढ़ में संचार व्यवस्था मजबूत होगी और समावेशी विकास को नई गति मिलेगी.


