CG News: CM साय की चौपाल में गूंजी तालियां, ‘लखपति दीदियों’ को दिया करोड़पति बनने का मंत्र
CG News: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कबीरधाम जिले के पंडरिया स्थित लोखान पंचायत के आश्रित ग्राम कमराखोल में आम के पेड़ के नीचे चौपाल लगाकर ग्रामीणों से सीधा संवाद किया। दूरस्थ बैगा बाहुल्य क्षेत्र में मुख्यमंत्री की मौजूदगी से ग्रामीणों में उत्साह का माहौल रहा।
‘लखपति दीदियों’ के हौसले को मिला सम्मान
चौपाल में जब मुख्यमंत्री ने पूछा कि कितनी महिलाएं लखपति बनी हैं, तो कई हाथ एक साथ उठे। इससे उत्साहित होकर उन्होंने सभी महिलाओं को आगे और मेहनत कर “करोड़पति” बनने की दिशा में बढ़ने का संदेश दिया, कुकदूर की श्रीमती कचरा तेलगाम ने महुआ और चार भेंट करते हुए अपनी आय के बारे में बताया, वहीं रजमत बाई धुर्वे और शिवरानी पटेल ने भी अपने-अपने व्यवसाय से हुई कमाई साझा की।

58 लखपति दीदियां बनीं आत्मनिर्भरता की मिसाल
लोखान पंचायत में 58 महिलाएं विभिन्न स्वरोजगार से जुड़कर लखपति बन चुकी हैं। बिहान योजना के तहत इन महिलाओं के जीवन में सकारात्मक बदलाव आया है, जिसे मुख्यमंत्री ने सराहा।
चौपाल में नवजात का नामकरण
चौपाल के दौरान एक अनोखा दृश्य भी देखने को मिला, जब एक मां ने अपने नवजात बच्चे का नाम रखने की गुहार लगाई। मुख्यमंत्री ने बच्चे को गोद में लेकर उसका नाम “रविशंकर बघेल” रखा और आशीर्वाद स्वरूप 500 रुपये भी भेंट किए। इस मौके पर तालियों की गूंज से पूरा माहौल उत्साहित हो गया।
मेधावी छात्रों को मिला प्रोत्साहन
चौपाल में पहुंचे मेधावी छात्र राजेंद्र मसराम (94.5%) और कक्षा 9वीं की छात्रा हेम कुमारी को मुख्यमंत्री ने पेन देकर सम्मानित किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। छात्रों ने अपने सपनों को साझा किया, जिस पर मुख्यमंत्री ने उन्हें प्रेरित किया।
ग्रामीणों की मांग पर कई बड़ी घोषणाएं
मुख्यमंत्री ने चौपाल में ग्रामीणों की मांगों को सुनते हुए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं:
• कमराखोल में सामुदायिक भवन निर्माण
• रामखिलावन के घर से देवसरा तक 6 किमी सड़क
• मुक्तिधाम शेड निर्माण
• महतारी सदन की स्थापना
• मिशन तालाब गहरीकरण (ट्यूबवेल सहित)
योजनाओं की प्रगति से संतुष्ट दिखे CM
मुख्यमंत्री ने पीएम जनमन योजना समेत विभिन्न योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की और संतोष जताया कि दूरस्थ गांवों तक योजनाओं का लाभ पहुंच रहा है, इस दौरान प्रशासनिक अधिकारी और जनप्रतिनिधि भी मौजूद रहे। मुख्यमंत्री की इस पहल की ग्रामीणों ने सराहना की और इसे विकास के लिए सकारात्मक कदम बताया।



