CG News: सीएम विष्णुदेव साय श्रमिकों के बीच पहुंचे, जमीन पर बैठकर खाया बोरे बासी और आमा चटनी
CG News: सुशासन तिहार के तहत कबीरधाम जिले के ग्राम लोखान में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का एक बेहद मानवीय और सहज रूप देखने को मिला। निर्माणाधीन पंचायत भवन के निरीक्षण के दौरान वे सीधे श्रमिकों के बीच पहुंचे और उनके साथ जमीन पर बैठकर भोजन किया।

श्रमिकों के साथ जमीन पर भोजन
निरीक्षण के दौरान महिला श्रमिकों ने मुख्यमंत्री को स्नेहपूर्वक दोपहर के भोजन के लिए आमंत्रित किया। मुख्यमंत्री ने बिना झिझक यह निमंत्रण स्वीकार किया और उनके साथ बैठकर बोरे बासी, पान पुरवा रोटी, चना भाजी, मुनगा बड़ी और आमा चटनी का स्वाद लिया।
सादगी ने जीता दिल
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह भोजन उनकी अपनी संस्कृति और जीवनशैली से जुड़ा हुआ है। उनका यह सरल व्यवहार वहां मौजूद सभी लोगों के लिए यादगार बन गया, भोजन के दौरान मुख्यमंत्री ने श्रमिक महिलाओं से महतारी वंदन योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना और अन्य सरकारी योजनाओं के लाभ के बारे में जानकारी ली। महिलाओं ने भी खुलकर अपने अनुभव साझा किए।
पेयजल समस्या पर तुरंत एक्शन
जब ग्रामीणों ने पहाड़ी क्षेत्र में पेयजल की समस्या बताई, तो मुख्यमंत्री ने इसे गंभीरता से लिया। उन्होंने मौके पर ही कलेक्टर से जानकारी लेकर पेयजल योजना को जल्द शुरू करने के निर्देश दिए।
26 गांवों के लिए बड़ी योजना
अधिकारियों ने बताया कि 26 गांवों के लिए पाइपलाइन आधारित पेयजल योजना तैयार है। मुख्यमंत्री ने इसे तत्काल स्वीकृति देकर जल्द काम शुरू करने के निर्देश दिए, ताकि ग्रामीणों को राहत मिल सके, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि सुशासन का असली अर्थ है, जनता की समस्याओं का समय पर समाधान और योजनाओं का लाभ हर व्यक्ति तक पहुंचाना।


