CG News: छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मंडल को मिली नई पहचान, CM साय ने लॉन्च किया नया लोगो और बांटे पुरस्कार
CG News: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने नया रायपुर स्थित सर्किट हाउस में छत्तीसगढ़ गृह निर्माण एवं अधोसंरचना विकास मंडल के नए लोगो का विमोचन किया। इस अवसर पर मंडल के विस्तार और भविष्य की योजनाओं को लेकर महत्वपूर्ण जानकारी साझा की गई।

आवास मेले के हितग्राहियों को मिले आकर्षक पुरस्कार
कार्यक्रम के दौरान वर्ष 2025 के आवास मेले में संपत्ति बुक करने वाले हितग्राहियों के लिए लकी ड्रॉ आयोजित किया गया। विजेताओं को कार, स्कूटी, फ्रिज, वॉशिंग मशीन और एलईडी टीवी जैसे आकर्षक पुरस्कार प्रदान किए गए। सारंगढ़ की पूजा बरेठ को प्रथम पुरस्कार के रूप में कार मिली, मुख्यमंत्री ने मंडल का नया लोगो तैयार करने वाले अंशुल कश्यप को सम्मानित करते हुए ढाई लाख रुपये की पुरस्कार राशि का चेक प्रदान किया। उन्होंने इस रचनात्मक पहल की सराहना करते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

हर परिवार को पक्का घर देने का संकल्प
मुख्यमंत्री ने कहा कि अपना घर होना हर परिवार का सपना होता है और राज्य सरकार इस सपने को पूरा करने के लिए लगातार काम कर रही है। उन्होंने बताया कि सरकार बनने के बाद पहली कैबिनेट बैठक में ही बड़ी संख्या में प्रधानमंत्री आवास स्वीकृत किए गए थे, मुख्यमंत्री ने बताया कि पिछले दो वर्षों में मंडल ने हजारों संपत्तियों का विक्रय कर उल्लेखनीय राजस्व अर्जित किया है। इससे संस्था की आर्थिक स्थिति मजबूत हुई है और अब यह अधोसंरचना विकास के क्षेत्र में भी सक्रिय भूमिका निभाने के लिए तैयार है।
सुशासन और डिजिटल सेवाओं पर जोर
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में सुशासन को प्राथमिकता देते हुए सैकड़ों सरकारी सेवाओं को डिजिटल माध्यम से लोगों तक पहुंचाया जा रहा है। मोबाइल ऐप और हेल्पलाइन सेवाओं के जरिए नागरिकों को घर बैठे सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं, उन्होंने बताया कि प्रदेश में बड़ी संख्या में घरों में रूफटॉप सोलर संयंत्र लगाए जा चुके हैं। सरकार की योजनाओं के तहत नागरिकों को सौर ऊर्जा अपनाने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है, जिससे बिजली खर्च कम होगा और अतिरिक्त बिजली बेचने का अवसर भी मिलेगा।

अधोसंरचना विकास को मिलेगी नई गति
आवास एवं पर्यावरण मंत्री ओपी चौधरी ने कहा कि मंडल को नई पहचान देकर विकास परियोजनाओं में इसकी भूमिका बढ़ाई गई है। अब मांग आधारित और वित्तीय रूप से व्यवहारिक परियोजनाओं पर विशेष फोकस किया जाएगा, सरकार का लक्ष्य केवल आवास निर्माण तक सीमित नहीं है, बल्कि बेहतर अधोसंरचना, पारदर्शी व्यवस्था और जनहितकारी योजनाओं के माध्यम से प्रदेश के समग्र विकास को गति देना भी है। नए स्वरूप में मंडल राज्य के विकास में महत्वपूर्ण योगदान देगा।

