CG News : छत्तीसगढ़ को आज मिल सकता है नया मुख्य सचिव, कैबिनेट में भी बदलाव संभव
CG News : छत्तीसगढ़ को आज अपना 13वां मुख्य सचिव मिल सकता है। मौजूदा मुख्य सचिव अमिताभ जैन के आज रिटायर होने के साथ ही इस महत्वपूर्ण पद के लिए गहमागहमी तेज हो गई है। सबसे प्रबल दावेदार के तौर पर सुब्रत साहू का नाम सामने आ रहा है, जबकि मनोज पिंगुआ के नाम की भी जोरदार चर्चा है।
मुख्यमंत्री की राज्यपाल से अचानक मुलाकात
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने एक दिन पहले अचानक राज्यपाल से मुलाकात की, जिसे राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों में काफी अहम माना जा रहा है। मुख्यमंत्री सचिवालय ने मुलाकात की तस्वीरें साझा करते हुए बताया कि राज्य हित से जुड़े मुद्दों पर चर्चा हुई। इस मुलाकात को मुख्य सचिव की नियुक्ति और संभावित कैबिनेट विस्तार से जोड़कर देखा जा रहा है।
DGP पद पर भी हो सकता है फैसला
राज्य में DGP पद पर भी बदलाव की संभावना है। वर्तमान में अरुण देव गौतम अस्थायी DGP के रूप में कार्यरत हैं। वे नेताओं और अधीनस्थ अफसरों की पसंद माने जाते हैं और उनका कार्यकाल अब तक विवादों से दूर रहा है। छत्तीसगढ़ में अक्सर अस्थायी प्रभारियों को ही स्थायी पद मिलता रहा है, जिससे उनकी दावेदारी मजबूत दिख रही है।
कैबिनेट विस्तार की भी सुगबुगाहट तेज
मुख्य सचिव और DGP के साथ ही छत्तीसगढ़ में नए मंत्रियों के ऐलान की चर्चा भी जोरों पर है। सूत्रों के मुताबिक, नामों पर सहमति बन चुकी है और बस औपचारिक घोषणा बाकी है। लोकसभा चुनाव और निगम-मंडल की सूचियों के चलते यह फैसला टलता रहा, लेकिन मुख्यमंत्री की राज्यपाल से मुलाकात के बाद अब इसकी घोषणा जल्द होने की उम्मीद है।
साय कैबिनेट में वर्तमान में मुख्यमंत्री सहित कुल 12 मंत्री हैं, जबकि प्रदेश में परंपरागत रूप से 13 मंत्री होते हैं। लोकसभा चुनाव के दौरान मंत्री बृजमोहन अग्रवाल के इस्तीफे के बाद यह संख्या घटकर 11 रह गई थी। इसका मतलब है कि कैबिनेट में अभी दो पद रिक्त हैं। मौजूदा मंत्रिमंडल में सरगुजा संभाग से सबसे अधिक मंत्री हैं, वहीं रायपुर, दुर्ग और बस्तर संभाग से केवल एक-एक मंत्री हैं। ऐसे में उम्मीद है कि इन क्षेत्रों से प्रतिनिधित्व बढ़ सकता है।
यह भी पढ़े : CG News : छत्तीसगढ़ में मानसून रफ्तार पर, 30 जिलों में बिजली गिरने का अलर्ट

Author: Safeek khan
I create real art through my articles..