CG News: नवा रायपुर में दूसरे SEZ को मंजूरी, छत्तीसगढ़ बनेगा इलेक्ट्रॉनिक्स और सेमीकंडक्टर हब
CG News: छत्तीसगढ़ ने औद्योगिक विकास के क्षेत्र में एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। नवा रायपुर में दूसरे विशेष आर्थिक क्षेत्र (SEZ) को मंजूरी मिल गई है, जिससे राज्य में हाई-टेक उद्योगों के विस्तार को नई गति मिलेगी।
सेमीकंडक्टर निर्माण संयंत्र की शुरुआत
यह SEZ पॉलीमेटेक इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड द्वारा 10.13 हेक्टेयर क्षेत्र में स्थापित किया जाएगा। यहां इलेक्ट्रॉनिक्स और इंजीनियरिंग आधारित उत्पादों के साथ-साथ सेमीकंडक्टर निर्माण भी किया जाएगा।
तकनीकी उद्योगों में बड़ा कदम
यह परियोजना छत्तीसगढ़ में पहला सेमीकंडक्टर निर्माण संयंत्र स्थापित करने की दिशा में ऐतिहासिक कदम मानी जा रही है। इससे राज्य तकनीक आधारित उद्योगों के नए युग में प्रवेश करेगा।
रोजगार और निवेश को मिलेगा बढ़ावा
इस परियोजना से अगले पांच वर्षों में 1300 से अधिक रोजगार के अवसर सृजित होने की संभावना है। साथ ही यह निवेश आकर्षित करने और कुशल युवाओं के लिए नए अवसर पैदा करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
वैश्विक सप्लाई चेन से जुड़ाव
नवा रायपुर का यह SEZ छत्तीसगढ़ को वैश्विक इलेक्ट्रॉनिक्स आपूर्ति श्रृंखला से जोड़ने में मदद करेगा। इससे राज्य का निर्यात बढ़ेगा और तकनीकी क्षेत्र में नई पहचान बनेगी, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि यह स्वीकृति राज्य में निवेश और उद्योगों के लिए बन रहे सकारात्मक माहौल का प्रमाण है। उन्होंने कहा कि सरकार पारदर्शी व्यवस्था और बेहतर आधारभूत सुविधाओं के जरिए भविष्य के उद्योगों के लिए मजबूत वातावरण तैयार कर रही है।
“छत्तीसगढ़ के तकनीकी भविष्य की नींव”
मुख्यमंत्री ने कहा कि सेमीकंडक्टर तकनीक भविष्य की जरूरत है और नवा रायपुर में इसका निर्माण राज्य के तकनीकी भविष्य की मजबूत नींव साबित होगा, छत्तीसगढ़ को DPIIT की LEADS 2025 रैंकिंग में “हाई परफॉर्मर” का दर्जा मिला है, जो राज्य की बेहतर लॉजिस्टिक्स और औद्योगिक क्षमता को दर्शाता है।




