CG News: वैश्विक परिस्थितियों के बीच सड़क निर्माण को लेकर उद्योग मंत्री का अहम निर्देश, कोरबा में विकास कार्यों की समीक्षा
CG News: वाणिज्य, उद्योग, सार्वजनिक उपक्रम, आबकारी एवं श्रम मंत्री श्री लखनलाल देवांगन ने कोरबा में नगर निगम के विकास कार्यों की विस्तृत समीक्षा करते हुए अधिकारियों को महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश दिए। बैठक में कोसाबाड़ी, पं. रविशंकर नगर और बालको जोन के 28 वार्डों के विकास कार्यों की वार्डवार समीक्षा की गई।
डामर संकट के बीच वैकल्पिक समाधान के निर्देश
मंत्री श्री देवांगन ने कहा कि मध्य-पूर्व एशिया में चल रहे युद्ध के कारण डामर की उपलब्धता प्रभावित हुई है, जिससे सड़क डामरीकरण कार्य बाधित हो रहे हैं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि उच्च स्तर पर समन्वय कर वैकल्पिक समाधान तलाशें, ताकि शहर की सड़कों का सुधार कार्य प्रभावित न हो।

बरसात से पहले कार्य पूर्ण करने पर जोर
उन्होंने स्पष्ट कहा कि वर्षा ऋतु के आगमन से पहले सभी प्रमुख नालों और नालियों का निर्माण कार्य हर हाल में पूरा किया जाए। साथ ही विकास कार्यों में तेजी लाने और लापरवाह निर्माण एजेंसियों पर सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए, जिसमें नोटिस और ब्लैकलिस्टिंग की प्रक्रिया शामिल है।
सभी विकास कार्यों की वार्डवार समीक्षा
बैठक में विभिन्न मदों जैसे अधोसंरचना, जिला खनिज न्यास, वित्त आयोग, सीएसआर, विधायक निधि, महापौर मद सहित अनेक योजनाओं के अंतर्गत चल रहे निर्माण कार्यों की समीक्षा की गई। इनमें सीसी रोड, नाली निर्माण, सामुदायिक भवन, स्कूल भवन, आंगनबाड़ी केंद्र, पेयजल व्यवस्था और स्ट्रीट लाइट जैसे कार्य शामिल रहे।
व्यवस्था पर विशेष फोकस
मंत्री ने निर्देश दिए कि सभी वार्डों में पेयजल आपूर्ति निर्बाध रूप से सुनिश्चित की जाए। किसी भी बाधा की स्थिति में तुरंत टैंकर के माध्यम से जल आपूर्ति की जाए। साथ ही स्ट्रीट लाइट कार्यों को तेजी से पूर्ण करने और सभी वार्डों में एक साथ कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए, स्वच्छता कार्यों की समीक्षा करते हुए मंत्री ने कहा कि कोरबा ने स्वच्छ सर्वेक्षण में देश में 8वां स्थान प्राप्त किया था, जिसे और बेहतर बनाते हुए देश में प्रथम स्थान प्राप्त करने का लक्ष्य रखा जाना चाहिए। इसके लिए सफाई व्यवस्था में और अधिक कसावट लाने के निर्देश दिए गए।
गुणवत्ता और मॉनिटरिंग पर सख्ती
मंत्री ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी निर्माण कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग की जाए और यह सुनिश्चित किया जाए कि कार्य गुणवत्तापूर्ण और मानकों के अनुरूप हों। लापरवाही बरतने वाली एजेंसियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।
जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति
बैठक में महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत, आयुक्त श्री आशुतोष पांडे, सभापति, पार्षदगण, वरिष्ठ अधिकारी एवं विभिन्न विभागों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। बैठक में सभी ने विकास कार्यों को समय पर पूर्ण करने का संकल्प दोहराया।




