CG News: सुशासन तिहार में ग्रामीणों की शिकायत का त्वरित समाधान, गोड़बहाल जलाशय से फिर पहुंचा खेतों तक पानी
CG News: महासमुंद जिले के पिथौरा विकासखंड के परसापाली और पोटापारा गांवों में वर्षों से सिंचाई का सहारा रहे गोड़बहाल जलाशय का जर्जर गेट किसानों के लिए बड़ी समस्या बन गया था। गेट से पानी रिसने के कारण खेतों तक पर्याप्त जल नहीं पहुंच पा रहा था, जिससे किसानों की फसल प्रभावित होने की आशंका बढ़ गई थी।
किसानों की पुकार पहुंची सुशासन तिहार तक
गांव के किसान रामलाल यादव सहित दर्जनों ग्रामीण अपनी समस्या लेकर सुशासन तिहार के समाधान शिविर में पहुंचे। उन्होंने बताया कि बीज बोने के बाद भी पानी की कमी से फसल का भविष्य संकट में है। उनकी शिकायत को मौके पर ही गंभीरता से दर्ज किया गया।
प्रशासन ने तुरंत लिया संज्ञान
कलेक्टर विनय कुमार लंगेह ने शिकायत पर त्वरित कार्रवाई करते हुए जल संसाधन विभाग को तत्काल निर्देश दिए। इसके बाद कार्यपालन अभियंता अजय खरे अपनी टीम के साथ गोड़बहाल जलाशय पहुंचे और जर्जर गेट की मरम्मत का कार्य शुरू किया गया।
तीन दिन में हुआ समाधान
केवल तीन दिनों के भीतर जलाशय का गेट मरम्मत कर उसे पुनः मजबूत कर दिया गया। इसके बाद नहरों में पानी का प्रवाह बहाल हुआ और खेतों तक जल पहुंचने लगा। इससे क्षेत्र के किसानों में खुशी की लहर दौड़ गई।
किसानों की खुशी और भरोसा
किसान रामलाल यादव ने भावुक होकर कहा कि वर्षों से वे इस समस्या से जूझ रहे थे, लेकिन इस बार सरकार ने उनकी बात गंभीरता से सुनी। उन्होंने कहा कि गोड़बहाल से बहता पानी अब केवल खेतों को ही नहीं, बल्कि किसानों के विश्वास को भी सींच रहा है।
सुशासन तिहार की प्रभावी पहल
यह घटना इस बात का उदाहरण है कि जब शासन ग्रामीणों की समस्याओं को प्राथमिकता देता है, तो न केवल प्रशासनिक कार्य होते हैं बल्कि किसानों की उम्मीदें भी फिर से हरी-भरी हो उठती हैं। सुशासन तिहार के माध्यम से शिकायतों का त्वरित समाधान अब जमीनी स्तर पर असर दिखा रहा है।



