CG News: छत्तीसगढ़ में टाउन एंड कंट्री प्लानिंग विभाग में 21 पदों पर भर्ती, अंतिम परिणाम जारी
CG News: छत्तीसगढ़ बनने के बाद पहली बार टाउन एंड कंट्री प्लानिंग विभाग में सहायक संचालक (योजना) के 21 पदों पर नियमित भर्ती की गई है। छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (CGPSC) ने इन पदों के लिए अंतिम चयन परिणाम जारी कर दिया है।

अंतिम चयन परिणाम घोषित
आवास एवं पर्यावरण विभाग के अंतर्गत आयोजित इस भर्ती प्रक्रिया में लिखित परीक्षा और साक्षात्कार के आधार पर अंतिम चयन सूची तैयार की गई है। लिखित परीक्षा 5 अप्रैल 2026 को और साक्षात्कार 12 मई 2026 को आयोजित किया गया था।
वित्त मंत्री ओपी चौधरी का बयान
वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने इस भर्ती को राज्य के नियोजित और आधुनिक शहरी विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया। उन्होंने कहा कि यह केवल रिक्त पदों की पूर्ति नहीं, बल्कि प्रदेश के सुव्यवस्थित विकास की मजबूत आधारशिला है।
युवा अधिकारियों को मिलेगा अवसर
मंत्री ने कहा कि इन नियुक्तियों से विभाग को युवा, प्रशिक्षित और ऊर्जावान अधिकारी मिलेंगे, जो छत्तीसगढ़ के शहरों और कस्बों के नियोजित विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे, वित्त मंत्री ने सभी चयनित अभ्यर्थियों को शुभकामनाएं दीं और उम्मीद जताई कि वे अपने ज्ञान और कौशल से छत्तीसगढ़ के विकास को नई दिशा देंगे।
सरकार की रोजगार नीति पर जोर
उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार युवाओं को रोजगार देने और योग्य प्रतिभाओं को प्रशासन में अवसर प्रदान करने के लिए लगातार काम कर रही है। यह चयन प्रक्रिया उसी प्रतिबद्धता का हिस्सा है।




