CG News: छत्तीसगढ़ में डिजिटल क्रांति, CM साय ने ‘सेवा सेतु’ पोर्टल किया लॉन्च
CG News: छत्तीसगढ़ में सुशासन और डिजिटल सेवाओं को नई दिशा देते हुए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने ‘सेवा सेतु’ पोर्टल का शुभारंभ किया। यह उन्नत ई-डिस्ट्रिक्ट प्लेटफॉर्म अब आम नागरिकों को घर बैठे सैकड़ों सरकारी सेवाओं की सुविधा देगा।
441 सेवाएं एक ही प्लेटफॉर्म पर
छत्तीसगढ़ इन्फोटेक प्रमोशन सोसायटी (CHiPS) द्वारा विकसित ‘सेवा सेतु’ पोर्टल पर अब 441 शासकीय सेवाएं उपलब्ध हैं। इसमें 54 नई सेवाएं और 329 री-डायरेक्ट सेवाएं शामिल हैं, जिससे यह एक “वन स्टॉप सॉल्यूशन” बन गया है, इस पोर्टल में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और व्हाट्सएप इंटीग्रेशन जैसी आधुनिक तकनीकों का उपयोग किया गया है। नागरिक अब व्हाट्सएप के जरिए आवेदन कर सकते हैं, स्टेटस ट्रैक कर सकते हैं और डिजिटल प्रमाण-पत्र प्राप्त कर सकते हैं।
गांव-गांव तक डिजिटल पहुंच
‘सेवा सेतु’ के माध्यम से ग्राम पंचायत स्तर तक सेवाओं की पहुंच सुनिश्चित की जा रही है। 800+ लोक सेवा केंद्र, 1000+ चॉइस सेंटर और 15,000+ कॉमन सर्विस सेंटर इस मिशन को मजबूत बना रहे हैं, लोक सेवा गारंटी अधिनियम के तहत ऑटोमेटिक पेनल्टी, टाइम-लिमिट ट्रैकिंग और ऑटो शिकायत पंजीकरण जैसी सुविधाएं जोड़ी गई हैं, जिससे सिस्टम और अधिक पारदर्शी और जवाबदेह बन गया है।
डिजिटल पेमेंट और DBT की सुविधा
ट्रेजरी और ई-चालान के एकीकरण से अब नागरिक ऑनलाइन भुगतान कर तुरंत रसीद प्राप्त कर सकते हैं। वहीं डीबीटी के जरिए योजनाओं की राशि सीधे बैंक खातों में ट्रांसफर होगी, ‘भाषिणी’ तकनीक के सहयोग से यह पोर्टल 22 भारतीय भाषाओं में उपलब्ध है, जिससे भाषा की बाधा खत्म हो गई है और हर नागरिक आसानी से सेवाओं का लाभ ले सकता है।
सुरक्षा और डिजिटल वेरिफिकेशन मजबूत
आधार आधारित ई-केवाईसी, डिजिलॉकर, क्यूआर कोड वेरिफिकेशन, ओटीपी और डिजिटल सिग्नेचर जैसी सुविधाओं से पोर्टल को सुरक्षित और भरोसेमंद बनाया गया है, ‘सेवा सेतु’ सिर्फ एक पोर्टल नहीं, बल्कि छत्तीसगढ़ में डिजिटल सुशासन की नई पहचान है। यह प्लेटफॉर्म नागरिकों और शासन के बीच की दूरी को कम करते हुए सेवाओं को सीधे लोगों के हाथों तक पहुंचाने का काम करेगा।



