CG News: गंगरेल बांध में बड़ा हादसा टला, 17 मिनट में वाटर एंबुलेंस बनी देवदूत
CG News: धमतरी जिले के गंगरेल बांध के ठेमली आइलैंड पर सोमवार को एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। निर्माण कार्य के दौरान एक मजदूर के ऊपर जहरीला सांप गिर गया, जिससे उसकी तबीयत अचानक बिगड़ गई।
कैसे हुई घटना
सिरपुर निवासी 26 वर्षीय शंकर कमार आइलैंड में निर्माण कार्य कर रहा था। सुबह करीब 9 बजे पेड़ के नीचे से गुजरते समय टहनी पर बैठा सांप अचानक उसके ऊपर गिर गया, जिससे वह घबरा गया और उसकी हालत खराब होने लगी।
17 मिनट में पहुंची वाटर एंबुलेंस
घटना की सूचना मिलते ही वाटर एंबुलेंस टीम और जिला प्रशासन तुरंत सक्रिय हो गए। महज 15–17 मिनट के भीतर 8 किलोमीटर का जलमार्ग तय कर मरीज को सुरक्षित बोटिंग पॉइंट तक लाया गया और फिर एंबुलेंस से जिला अस्पताल धमतरी भेजा गया।
समय पर इलाज से बची जान
अस्पताल में समय पर इलाज मिलने के कारण मजदूर की जान बच गई और उसकी हालत अब खतरे से बाहर बताई जा रही है। स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली, कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने इस सफल रेस्क्यू ऑपरेशन के लिए पूरी टीम की सराहना की है। लाइफ गार्ड और रेस्क्यू टीम के सदस्यों ने त्वरित कार्रवाई कर एक बड़ी घटना को टाल दिया।
डूबान क्षेत्र के 32 गांवों को मिलेगा लाभ
वाटर एंबुलेंस सेवा से अब 32 गांवों को बड़ा फायदा मिलेगा। पहले जहां अस्पताल पहुंचने में 50 किलोमीटर का लंबा सफर तय करना पड़ता था, वहीं अब जलमार्ग से यह दूरी काफी कम होकर तेज और सुरक्षित हो गई है।
