Jashpur News: विश्व पर्यटन दिवस 2026 पर ओडिशा में छाया जशपुर का होमस्टे मॉडल, ग्रामीण पर्यटन से बदली आदिवासियों की तकदीर
Jashpur News: छत्तीसगढ़ के जनजातीय बहुल जशपुर जिले का समुदाय आधारित ‘होमस्टे मॉडल’ अब देश के अन्य राज्यों के लिए प्रेरणा का स्रोत बन रहा है. विश्व पर्यटन दिवस 2026 के अवसर पर ओडिशा पर्यटन विभाग के विशेष आमंत्रण पर जशपुर के प्रतिनिधियों ने भुवनेश्वर स्थित सेवा भवन में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में हिस्सा लिया और अपनी सफलता की गाथा साझा की.
जिला नोडल अधिकारी और होमस्टे संचालक ने साझा किए अनुभव
भुवनेश्वर में आयोजित इस गरिमामय कार्यक्रम में जशपुर के पर्यटन नोडल अधिकारी दीपक मिंज और ग्राम केरे (देशदेखा) के होमस्टे संचालक बिपिन राम शामिल हुए. उन्होंने बताया कि किस तरह मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के मार्गदर्शन और जिला प्रशासन के प्रयासों से जशपुर के ग्रामीण इलाकों में होमस्टे के जरिए स्थानीय परिवारों को स्वरोजगार से जोड़ा जा रहा है.
‘Homestays of India’ के सहयोग से आजीविका
जशपुर जिला प्रशासन और ‘Homestays of India’ के संयुक्त सहयोग से विकसित किया जा रहा यह मॉडल सिर्फ पर्यटकों को रुकने की जगह नहीं देता, बल्कि स्थानीय जनजातीय संस्कृति, खान-पान और परंपराओं को बढ़ावा देते हुए आय का सीधा लाभ स्थानीय परिवारों तक पहुंचाता है. इससे ग्रामीणों में उद्यमिता और आत्मनिर्भरता का विकास हो रहा है.
होमस्टे संचालक के घर ठहरे थे अंतरिक्ष यात्री शुभांशु शुक्ला
सफलता की कहानी साझा करते हुए होमस्टे संचालक बिपिन राम ने बताया कि पर्यटकों की मेजबानी से न केवल उनकी आमदनी में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है, बल्कि उनके आत्मविश्वास में भी इजाफा हुआ है. उन्होंने अपने घर पर भारत के प्रसिद्ध अंतरिक्ष यात्री शुभांशु शुक्ला की मेजबानी के यादगार अनुभव का भी विशेष रूप से उल्लेख किया.
डिजिटल मार्केटिंग और ट्रेनिंग से मिली सफलता
जशपुर के प्रतिनिधियों ने ओडिशा सरकार के मंच से स्पष्ट किया कि केवल भवन बना देने से पर्यटन सफल नहीं होता, बल्कि स्थानीय ग्रामीणों की ट्रेनिंग, बेहतर आतिथ्य सत्कार, डिजिटल प्लेटफॉर्म पर उपस्थिति और निरंतर मार्गदर्शन जरूरी है. इस अनुभव से छत्तीसगढ़ और ओडिशा के बीच समुदाय आधारित पर्यटन को बढ़ावा देने और आपसी सहयोग मजबूत करने का नया रास्ता खुला है.

One Response