CG News: कोरिया जिले में सौर सुजला योजना का कमाल, सोलर पंप से 2 से 3 फसलें लेकर सालाना ₹2 लाख कमा रहे किसान करण साय
CG News: मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में चलाए जा रहे ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत शासन की योजनाओं का लाभ सीधे अंतिम व्यक्ति तक पहुंच रहा है. कोरिया जिले के कादमनारा (जोबापानी पारा) निवासी किसान करण साय के जीवन में आया सकारात्मक बदलाव इसका एक बड़ा और प्रेरक उदाहरण बनकर सामने आया है.

पहले बारिश के भरोसे होती थी खेती
किसान करण साय (पिता जयराम) के पास लगभग 2 एकड़ कृषि भूमि है. पहले सिंचाई का कोई स्थाई साधन न होने के कारण वे पूरी तरह बारिश के पानी पर निर्भर थे. मौसम की अनिश्चितता की वजह से वे साल में केवल एक ही फसल ले पाते थे, जिससे उनकी पैदावार और वार्षिक आमदनी काफी कम होती थी.
मिली सिंचाई की स्थायी सुविधा
वर्ष 2016 में सरकार की ‘सौर सुजला योजना’ के तहत उनके खेत में 3 एचपी (HP) का सोलर पंप स्थापित किया गया. बिना बिजली के सूरज की रोशनी से चलने वाले इस सोलर पंप ने उनकी सिंचाई की समस्या को हमेशा के लिए खत्म कर दिया और खेतों तक 24 घंटे पानी की उपलब्धता सुनिश्चित हो गई.
आय ₹2 लाख के पार
सिंचाई का स्थायी साधन मिलने के बाद अब करण साय धान के अलावा मूंग, सरसों, उड़द और गेहूं जैसी विविधतापूर्ण फसलें उगा रहे हैं. साल में 2 से 3 फसलें लेने के कारण उनकी खेती की उत्पादकता में भारी वृद्धि हुई है और उनकी वार्षिक आमदनी बढ़कर लगभग ₹2 लाख तक पहुंच गई है.
प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के प्रति जताया आभार
सोलर पंप लगने से खेती को लाभकारी व्यवसाय बनाने वाले करण साय ने सरकार की योजनाओं की सराहना करते हुए प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री का धन्यवाद किया. उन्होंने कहा कि सौर सुजला योजना केवल एक उपकरण नहीं, बल्कि किसानों को आत्मनिर्भर बनाने और उनके जीवन को नई दिशा देने का सबसे बड़ा साधन साबित हुई है.

