CG News: कोरिया जिले के दूरस्थ गेजी गांव में पीएम जनमन योजना का कमाल, बैगा जनजाति के युवा कमलेष को मिला पक्का आवास
CG News: छत्तीसगढ़ के कोरिया जिले से पीएम जनमन योजना की एक नई और सुखद तस्वीर सामने आई है. बैकुण्ठपुर जनपद पंचायत के दूरस्थ ग्राम पंचायत गेजी में रहने वाले अनुसूचित जनजाति के बैगा समुदाय के युवा कमलेष को ‘प्रधानमंत्री जनमन योजना’ के तहत पक्का आवास मिला है, जिससे उनके परिवार की खुशियां दोगुनी हो गई हैं.

कच्चे मकान और घास-फूस की छत में बीत रहा था जीवन
गेजी गांव निवासी नोहरसाय के पुत्र कमलेष का विवाह कम उम्र में ही हो गया था. विवाह के बाद उन्होंने अपने पैतृक कच्चे मकान में घास-फूस की छत के नीचे चुनौतीपूर्ण जीवन जीना शुरू किया. सुदूर वनांचल क्षेत्र होने और आजीविका के साधन सीमित होने के कारण दंपति केवल मजदूरी पर निर्भर थे, जिससे पक्का मकान बनाना उनके लिए एक बड़ा सपना था.
पीएम जनमन योजना से मिली कच्चे घर से मुक्ति
संघर्षपूर्ण परिस्थितियों के बीच केंद्र सरकार की विशेष पिछड़ी जनजातियों (PVTG) के लिए संचालित ‘प्रधानमंत्री जनमन योजना’ इस बैगा परिवार के लिए वरदान साबित हुई. योजना के तहत स्वीकृति मिलते ही कमलेष का पक्का मकान बनकर तैयार हो गया, जिसने उनके जीवन को सुरक्षा और एक नई दिशा प्रदान की है.
भविष्य को लेकर आशान्वित हुआ परिवार
कच्चे मकान के खतरों और चिंता से मुक्ति मिलने के बाद अब युवा कमलेष और उनकी पत्नी अपने बच्चों के बेहतर भविष्य, शिक्षा और पालन-पोषण को लेकर बेहद आशावान और उत्साहित हैं. पक्का घर मिल जाने से अब यह परिवार अपने रोजमर्रा के जीवन में अधिक स्थिर महसूस कर रहा है.
कमलेष ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जताया आभार
पक्का मकान मिलने पर खुशी जाहिर करते हुए कमलेष ने कहा कि पीएम जनमन योजना ने उनके सपने को हकीकत में बदल दिया है. अब वे अपने और अपने परिवार के उज्ज्वल भविष्य के लिए और अधिक मेहनत करेंगे. कमलेष और उनके पूरे परिवार ने इस सौगात के लिए देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति आभार व्यक्त किया है.


One Response