CG News: पीएम मोदी के 25 साल पूरे होने पर छत्तीसगढ़ में भाजपा का सेवा संकल्प अभियान, 7 अक्टूबर को निकलेगी सेवा ज्योति यात्रा
CG News: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के रूप में जनसेवा के 25 साल पूरे होने के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी देशभर में एक महीने का ‘सेवा संकल्प अभियान’ चला रही है. इसी कड़ी में 7 अक्टूबर को मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ सहित पूरे देश में विशेष कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है.

छत्तीसगढ़ की हर विधानसभा में निकलेगी ‘सेवा ज्योति यात्रा’
छत्तीसगढ़ में 7 अक्टूबर को प्रदेश की सभी 90 विधानसभाओं में विशाल ‘सेवा ज्योति यात्रा’ निकाली जाएगी. इस यात्रा में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, राज्य सरकार के सभी मंत्री, विधायक, सांसद और वरिष्ठ जनप्रतिनिधि अपने-अपने क्षेत्रों में शामिल होंगे. यात्रा में कार्यकर्ता मशाल लेकर पदयात्रा करेंगे और साथ ही बाइक रैली भी निकाली जाएगी.

हर ब्लॉक में बनेगी केंद्र सरकार की योजनाओं की रंगोली
सेवा ज्योति यात्रा के दिन ही राज्य के प्रत्येक ब्लॉक में एक विशाल रंगोली बनाई जाएगी. इस रंगोली के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के कार्यकाल में लागू की गई केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और देश के विकास कार्यों को कलात्मक रूप से प्रदर्शित किया जाएगा.
विधायक भावना बोहरा बनीं प्रदेश संयोजक
प्रदेश भाजपा महामंत्री यशवंत जैन ने बताया कि इस बड़े आयोजन की सफलता के लिए विधायक भावना बोहरा को प्रदेश संयोजक नियुक्त किया गया है. उनके साथ शीतल नायक, हर्षिता पांडेय और सत्यलता मिरी को टीम में शामिल किया गया है. इसके अलावा हर जिले में एक जिला संयोजक और हर ब्लॉक में रंगोली के लिए विशेष प्रभारी बनाए गए हैं.
राजधानी रायपुर में होगा मुख्य राज्य स्तरीय कार्यक्रम
राजधानी रायपुर में चार विधानसभा क्षेत्र होने के कारण यहां एक भव्य राज्य स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा. संभावना जताई जा रही है कि रायपुर के इस मुख्य कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के साथ भाजपा का कोई केंद्रीय या राष्ट्रीय स्तर का बड़ा नेता भी शामिल हो सकता है. यात्रा के अंत में सभी नागरिक ‘विकसित भारत’ का संकल्प लेंगे.

One Response