CG Rajyotsav 2026: नवा रायपुर में वायुसेना का शानदार एयर शो, तिरंगे पैराशूट से उतरे जवान
CG Rajyotsav 2026: छत्तीसगढ़ के राज्योत्सव के दूसरे दिन भी नवा रायपुर के सेंध लेक में भारतीय वायुसेना का एयर शो आकर्षण का केंद्र बना हुआ है. सुबह 11:30 बजे शुरू हुआ यह कार्यक्रम दोपहर 12:30 बजे तक चलेगा. वायुसेना की अलग-अलग टीमें आसमान में रोमांचक करतब दिखा रही हैं. कार्यक्रम में राज्यपाल रामेन डेका मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए. एयर शो देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग सेंध लेक पहुंचे हैं.

तिरंगे पैराशूट के साथ जवानों की शानदार लैंडिंग
एयर शो के दौरान वायुसेना के जवानों ने पैराशूट से उतरने का शानदार प्रदर्शन किया. आसमान में तिरंगे के रंग का पैराशूट खोलकर जब जवान नीचे उतरे तो मैदान तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा. जवानों की सटीक लैंडिंग देखकर दर्शकों ने भारत माता की जय के नारे लगाए. इसके बाद गरुड़ कमांडो ने अपने साहस और प्रशिक्षण का प्रदर्शन किया, गरुड़ कमांडो ने MI-17 हेलिकॉप्टर से रस्सियों के सहारे तेजी से नीचे उतरकर रोमांचक प्रदर्शन किया. कमांडो की इस कार्रवाई को देखकर दर्शकों में खासा उत्साह देखने को मिला. एयर शो में वायुसेना के जवानों ने अपने प्रशिक्षण, अनुशासन और तकनीकी क्षमता का प्रदर्शन किया.

पहले दिन सारंग टीम ने बिखेरा था जलवा
राज्योत्सव के पहले दिन भी वायुसेना ने भव्य एयर शो आयोजित किया था. इस दौरान सबसे ज्यादा आकर्षण सारंग हेलिकॉप्टर डिस्प्ले टीम का रहा. टीम ने छत्तीसगढ़ में पहली बार अपना प्रदर्शन किया. पांच स्वदेशी ध्रुव हेलिकॉप्टरों ने एक साथ उड़ान भरकर आसमान में डायमंड, दिल और डॉल्फिन जैसी आकृतियां बनाईं. बेहद करीब उड़ान भरते हुए हेलिकॉप्टरों ने शानदार तालमेल और दिशा परिवर्तन का प्रदर्शन किया. हेलिकॉप्टरों से निकलने वाले रंग-बिरंगे धुएं ने आसमान में तिरंगे जैसी छटा बिखेर दी.

सुरक्षा के लिए 700 से 800 जवान तैनात
एयर शो के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी विशेष इंतजाम किए गए हैं. आयोजन स्थल और आसपास के क्षेत्रों में करीब 700 से 800 पुलिस जवानों की तैनाती की गई है, ताकि बड़ी संख्या में पहुंचने वाले दर्शकों के बीच व्यवस्था और सुरक्षा बनी रहे, राज्य में एयर शो आयोजित करने के पीछे सरकार का उद्देश्य लोगों को भारतीय वायुसेना की कार्यक्षमता, प्रशिक्षण और आधुनिक तकनीक से परिचित कराना है. इसके साथ ही युवाओं को वायुसेना में करियर बनाने के लिए प्रेरित करना भी इस आयोजन का एक प्रमुख उद्देश्य है.

क्या है सारंग टीम की खासियत?
सारंग का अर्थ मोर होता है और इस टीम के हेलिकॉप्टरों की डिजाइन भी मोर से प्रेरित है. इनके रंग-बिरंगे पैटर्न मोर के पंखों की याद दिलाते हैं. सारंग टीम में स्वदेशी एडवांस्ड लाइट हेलिकॉप्टर यानी ALH ध्रुव का इस्तेमाल किया जाता है. इन हेलिकॉप्टरों के जरिए टीम हवा में कठिन फॉर्मेशन और तालमेल वाले करतब दिखाती है. सारंग टीम का प्रदर्शन भारतीय वायुसेना की तकनीकी क्षमता और पायलटों के कौशल को प्रदर्शित करता है.


One Response