CG News: छत्तीसगढ़ में फिंगरप्रिंट मैच नहीं होने पर भी मिलेगा राशन, खाद्य विभाग ने बताई OTP और नॉमिनी की सुविधा
CG News: छत्तीसगढ़ के राशन सिस्टम से जुड़ी बड़ी जानकारी सामने आई है. अब राशन दुकान पर बायोमेट्रिक मशीन में फिंगरप्रिंट मैच नहीं होने की स्थिति में भी पात्र हितग्राहियों को राशन से वंचित नहीं किया जाएगा. खाद्य विभाग ने स्पष्ट किया है कि ऐसी परिस्थितियों के लिए पहले से ही वैकल्पिक व्यवस्था मौजूद है. इसके तहत हितग्राही नॉमिनी या OTP के जरिए अपनी पहचान सत्यापित कर राशन प्राप्त कर सकते हैं.
![]()
बुजुर्गों और मजदूरों को मिलेगी राहत
रायपुर जिले के खाद्य नियंत्रक ने बताया कि कई बार बुजुर्गों और मेहनत-मजदूरी करने वाले लोगों के अंगूठे के निशान घिस जाने के कारण बायोमेट्रिक मशीन में प्रमाणीकरण नहीं हो पाता. ऐसी स्थिति में राशन दुकान संचालक हितग्राही को राशन देने से इनकार नहीं कर सकते. विभाग ने इसके लिए दो वैकल्पिक तरीके निर्धारित किए हैं.

नॉमिनी के जरिए भी ले सकेंगे राशन
पहला विकल्प नॉमिनी सुविधा का है. इसके तहत हितग्राही अपने परिवार के किसी सदस्य को नॉमिनी के रूप में नामांकित कर सकता है. यदि राशन लेने के दौरान हितग्राही का फिंगरप्रिंट मैच नहीं होता है, तो नॉमिनी व्यक्ति अपने प्रमाणीकरण के जरिए संबंधित हितग्राही के हिस्से का राशन प्राप्त कर सकता है.

आधार से लिंक मोबाइल पर आएगा OTP
दूसरा विकल्प OTP आधारित प्रमाणीकरण का है. इसके तहत हितग्राही के आधार कार्ड से लिंक मोबाइल नंबर पर OTP भेजा जाता है. OTP के माध्यम से पहचान सत्यापित होने के बाद पात्र व्यक्ति को राशन उपलब्ध कराया जाता है. इस व्यवस्था से उन लोगों को राहत मिलेगी, जिनका बायोमेट्रिक प्रमाणीकरण किसी कारण से नहीं हो पाता.

राशन दुकान संचालकों को दिए गए निर्देश
खाद्य नियंत्रक ने बताया कि हाल ही में कुछ जगहों पर यह भ्रामक जानकारी सामने आई थी कि फिंगरप्रिंट मैच नहीं होने के कारण बुजुर्गों को राशन नहीं दिया जा रहा है. विभाग ने इसे अधूरी जानकारी बताया है. साथ ही सभी राशन दुकान संचालकों को निर्देश दिए गए हैं कि बायोमेट्रिक प्रमाणीकरण विफल होने पर हितग्राहियों को वैकल्पिक प्रक्रिया की जानकारी दें और नियमानुसार उन्हें राशन उपलब्ध कराएं.


One Response