CG News: श्री सत्य साईं संजीवनी अस्पताल ने पार किया 45 हजार बच्चों की सर्जरी का आंकड़ा, CM साय ने जनजातीय नर्सिंग कॉलेज का किया भूमिपूजन
CG News: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि मानवता की सेवा ही सबसे बड़ा धर्म है. नवा रायपुर स्थित श्री सत्य साईं संजीवनी अस्पताल ने अपने सेवा कार्यों के जरिए इस भावना को साकार किया है. अस्पताल द्वारा 45 हजार बच्चों की सफल शल्य चिकित्सा का आंकड़ा पार करना चिकित्सा क्षेत्र की बड़ी उपलब्धि होने के साथ करुणा, संवेदना और निःस्वार्थ सेवा की मिसाल है. इस संस्थान ने हजारों बच्चों को नया जीवन देकर उनके परिवारों के जीवन में आशा और खुशियां लौटाई हैं.

45 हजार बच्चों की सर्जरी पर आयोजित हुआ कार्यक्रम
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय नवा रायपुर स्थित श्री सत्य साईं संजीवनी अस्पताल में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे. यह आयोजन अस्पताल द्वारा 45 हजार बच्चों की शल्य चिकित्सा पूरी करने की ऐतिहासिक उपलब्धि के उपलक्ष्य में किया गया. इसी दौरान जनजातीय विद्यार्थियों के लिए प्रस्तावित नर्सिंग कॉलेज भवन और डॉरमेटरी का भूमिपूजन भी किया गया. कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया, उपमुख्यमंत्री अरुण साव, उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा और स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल मौजूद रहे.

निःशुल्क उपचार को बताया मानवता की सच्ची सेवा
मुख्यमंत्री साय ने इस उपलब्धि के लिए श्री सत्य साईं हेल्थ एंड एजुकेशन ट्रस्ट के पदाधिकारियों, चिकित्सकों, नर्सिंग स्टाफ और अस्पताल की पूरी टीम को बधाई दी. उन्होंने कहा कि किसी भी परिवार के लिए बच्चे का स्वस्थ जीवन सबसे बड़ी खुशी होती है. जब कोई बच्चा गंभीर बीमारी से जूझता है, तो पूरा परिवार चिंता और पीड़ा से गुजरता है. ऐसे समय में निःशुल्क उपचार के जरिए बच्चों को स्वस्थ जीवन देना पुण्य और मानवता की सच्ची सेवा है, मुख्यमंत्री ने कहा कि श्री सत्य साईं संजीवनी अस्पताल ने साबित किया है कि चिकित्सा सेवा केवल बीमारी के उपचार तक सीमित नहीं है, बल्कि यह समाज में संवेदना, विश्वास और मानवीय मूल्यों को मजबूत करने का माध्यम भी है. संस्थान द्वारा सेवा और समर्पण की भावना से किए जा रहे कार्य पूरे समाज के लिए प्रेरणादायी हैं.

जनजातीय विद्यार्थियों के लिए बनेगा नर्सिंग कॉलेज
मुख्यमंत्री साय ने जनजातीय विद्यार्थियों के लिए नर्सिंग कॉलेज की स्थापना की पहल को महत्वपूर्ण बताया. उन्होंने कहा कि इससे प्रदेश के जनजातीय क्षेत्रों के युवाओं, विशेषकर बेटियों को स्वास्थ्य शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा. गुणवत्तापूर्ण नर्सिंग शिक्षा प्राप्त कर युवा आत्मनिर्भर बन सकेंगे और स्वास्थ्य सेवाओं में अपना भविष्य बना सकेंगे, मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश के दूरस्थ और जनजातीय इलाकों तक बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है. स्वास्थ्य अधोसंरचना के विस्तार के साथ प्रशिक्षित नर्सिंग स्टाफ और स्वास्थ्यकर्मियों की जरूरत भी बढ़ रही है. ऐसे में प्रस्तावित नर्सिंग कॉलेज कुशल स्वास्थ्यकर्मी तैयार करने और स्वास्थ्य शिक्षा का विस्तार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा.

शिक्षा और रोजगार के साथ समाज सेवा का भी मिलेगा अवसर
मुख्यमंत्री ने कहा कि बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं के लिए आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं के साथ संवेदनशील और प्रशिक्षित स्वास्थ्यकर्मियों की उपलब्धता भी जरूरी है. यह संस्थान जनजातीय युवाओं को शिक्षा और रोजगार के अवसर देने के साथ उन्हें समाज सेवा के लिए भी प्रेरित करेगा, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार का संकल्प है कि प्रदेश के प्रत्येक नागरिक, खासकर गरीब, वंचित और दूरस्थ क्षेत्रों में रहने वाले परिवारों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं मिलें. उन्होंने कहा कि सरकार के प्रयासों के साथ श्री सत्य साईं संजीवनी अस्पताल जैसी सेवाभावी संस्थाओं की भागीदारी इस लक्ष्य को और मजबूती देती है.

केंद्रीय मंत्री मनसुख मांडविया ने भी की सराहना
कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ने श्री सत्य साईं संजीवनी अस्पताल द्वारा बच्चों के निःशुल्क उपचार और मानव सेवा के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की सराहना की. उन्होंने 45 हजार बच्चों की शल्य चिकित्सा की उपलब्धि पर अस्पताल की पूरी टीम को बधाई दी, मुख्यमंत्री साय ने विश्वास जताया कि श्री सत्य साईं संजीवनी अस्पताल आने वाले समय में भी सेवा, संवेदना और समर्पण की अपनी परंपरा को आगे बढ़ाएगा और जरूरतमंद परिवारों के जीवन में नई आशा का संचार करता रहेगा. कार्यक्रम में श्री सत्य साईं हेल्थ एंड एजुकेशन ट्रस्ट के पदाधिकारी, चिकित्सक, नर्सिंग स्टाफ, जनप्रतिनिधि और अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे.
