CG News: नवा रायपुर में बनेगी प्रदेश की पहली पीपल सिटी, 5 साल में लगाए जाएंगे 1.25 लाख पौधे
CG News: छत्तीसगढ़ की राजधानी क्षेत्र नवा रायपुर अटल नगर को प्रदेश की पहली पीपल सिटी के रूप में विकसित करने की तैयारी शुरू हो गई है. नवा रायपुर विकास प्राधिकरण, NRDA ने शहर को हराभरा बनाने के लिए अगले पांच वर्षों की बड़ी योजना तैयार की है. इसके तहत 1.25 लाख विकसित पौधे लगाए जाएंगे.

हर साल लगाए जाएंगे 25 हजार बड़े पौधे
योजना के अनुसार, हर साल करीब 25 हजार ऐसे पौधे लगाए जाएंगे, जिनकी ऊंचाई लगभग 10 फीट होगी. बड़े और विकसित पौधे लगाने का उद्देश्य कम समय में ज्यादा हरियाली तैयार करना है. इससे पौधों के जीवित रहने की संभावना भी अधिक रहेगी, इस अभियान में सबसे ज्यादा संख्या पीपल के पौधों की होगी. इसके अलावा नीम और अन्य छायादार प्रजातियों के पौधे भी लगाए जाएंगे. शहर की सड़कों, ग्रीन बेल्ट, पार्क, जलाशयों और सरकारी खाली जमीनों पर बड़े स्तर पर पौधारोपण किया जाएगा.
कई क्षेत्रों में तैयार होंगे पीपल वन
योजना के तहत सेक्टर-16 में 24 एकड़ क्षेत्र में पीपल वन विकसित किया जाएगा. वहीं सेक्टर-39 मुढ़पार में 16 एकड़ भूमि पर ब्लॉक प्लांटेशन किया जाएगा. इसके अलावा सेक्टर-24 स्थित बायोडायवर्सिटी पार्क के पीछे 75 एकड़ क्षेत्र में मिश्रित पौधारोपण की योजना बनाई गई है, नवा रायपुर के 108 जलाशयों और करीब 33 किलोमीटर लंबी जलधाराओं के किनारे भी पौधे लगाए जाएंगे. इससे पर्यावरण संरक्षण के साथ जल संरक्षण को भी बढ़ावा मिलेगा, साउथ सेंट्रल पार्क में चार एकड़ क्षेत्र में आधुनिक नर्सरी विकसित की गई है. यहां पीपल समेत अन्य प्रजातियों के विकसित पौधे तैयार किए जा रहे हैं. अगले पांच वर्षों तक इसी नर्सरी से पौधों की आपूर्ति की जाएगी.
पर्यावरण को मिलेगा बड़ा फायदा
विशेषज्ञों के अनुसार, बड़े पेड़ धूल और वायु प्रदूषण को कम करने में मददगार होते हैं. पीपल का पेड़ पर्यावरण के साथ भारतीय परंपरा और औषधीय महत्व के लिए भी जाना जाता है. नवा रायपुर में इस अभियान से हरियाली बढ़ेगी, तापमान नियंत्रित होगा और लोगों को स्वच्छ वातावरण मिलेगा, NRDA के सीईओ चंदन कुमार ने बताया कि नवा रायपुर को प्रदेश की पहली पीपल सिटी के रूप में विकसित करने की दिशा में काम शुरू हो चुका है. हर साल करीब 25 हजार बड़े पौधे लगाए जाएंगे, जिससे आने वाले वर्षों में नवा रायपुर एक हरित और पर्यावरण अनुकूल शहर के रूप में पहचान बनाएगा.
