CG News: बलौदाबाजार के 11 स्कूलों में बनेंगे अतिरिक्त कक्ष, राजस्व मंत्री टंक राम वर्मा ने 3 करोड़ रुपये की मंजूरी दी
CG News: रायपुर जिले के तिल्दा विकासखंड स्थित शासकीय बीएनबी हायर सेकेंडरी स्कूल में विकासखंड स्तरीय शाला प्रवेशोत्सव का आयोजन किया गया. कार्यक्रम में राजस्व मंत्री टंक राम वर्मा ने कहा कि शिक्षा के साथ संस्कारों का समावेश ही विकसित और समृद्ध छत्तीसगढ़ की मजबूत नींव है. उन्होंने कहा कि राज्य सरकार गुणवत्तापूर्ण, आधुनिक और मूल्य आधारित शिक्षा को प्राथमिकता दे रही है.
11 विद्यालयों के लिए 3 करोड़ रुपये की मंजूरी
कार्यक्रम के दौरान राजस्व मंत्री ने बलौदाबाजार विधानसभा क्षेत्र के 11 विद्यालयों में अतिरिक्त कक्षों के निर्माण के लिए 3 करोड़ रुपये की स्वीकृति की घोषणा की. इसके साथ ही स्कूलों में बाउंड्री वॉल, शौचालय, स्वच्छ पेयजल, विद्युत व्यवस्था और अन्य बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाने पर भी जोर दिया गया. बीएनबी हायर सेकेंडरी स्कूल में आधुनिक रंगमंच निर्माण की भी मंजूरी दी गई.
विद्यार्थियों को बड़े सपने देखने की प्रेरणा
राजस्व मंत्री ने पूर्व राष्ट्रपति डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम और स्वामी विवेकानंद के प्रेरक विचारों का उल्लेख करते हुए विद्यार्थियों से बड़े लक्ष्य तय करने और उन्हें हासिल करने के लिए लगातार मेहनत करने का आह्वान किया. उन्होंने कहा कि सफलता मजबूत संकल्प और सकारात्मक सोच से मिलती है.
नई शिक्षा नीति और भारतीय ज्ञान परंपरा पर फोकस
उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के तहत प्रदेश में आधुनिक शिक्षा के साथ भारतीय ज्ञान परंपरा, नैतिक मूल्य और सांस्कृतिक विरासत को भी बढ़ावा दिया जा रहा है. स्कूलों में प्रार्थना, सरस्वती वंदना और श्लोक जैसी गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों में अनुशासन, संस्कार और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित की जा रही है.
2047 तक विकसित छत्तीसगढ़ का लक्ष्य
राजस्व मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार शिक्षा और अधोसंरचना के साथ जनकल्याणकारी योजनाओं पर लगातार काम कर रही है. उन्होंने विश्वास जताया कि वर्ष 2047 तक छत्तीसगढ़ देश के सबसे समृद्ध और सशक्त राज्यों में शामिल होगा. कार्यक्रम के अंत में नवप्रवेशी विद्यार्थियों का तिलक लगाकर और मिठाई खिलाकर स्वागत किया गया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई.

