CG News: अंबिकापुर में दो दिवसीय अग्र महाकुंभ का शुभारंभ, छत्तीसगढ़ को मिले 8.23 लाख करोड़ के निवेश प्रस्ताव
CG News: अंबिकापुर में दो दिवसीय ‘अग्र महाकुंभ-2026’ की शुरुआत मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने की. कार्यक्रम में उन्होंने अग्रवाल समाज की उद्यमिता, समाजसेवा और परोपकार की परंपरा की सराहना की. मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश की आर्थिक और सामाजिक प्रगति में समाज का योगदान लंबे समय से महत्वपूर्ण रहा है. उन्होंने महाराजा अग्रसेन के समानता, सहयोग और सहभागिता के विचारों का उल्लेख करते हुए कहा कि समाज की तरक्की तभी सार्थक है, जब विकास का लाभ अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचे.

औद्योगिक नीति से 8.23 लाख करोड़ के निवेश प्रस्ताव
मुख्यमंत्री ने बताया कि छत्तीसगढ़ की औद्योगिक नीति 2024-30 के बाद प्रदेश में निवेश को लेकर सकारात्मक माहौल बना है. राज्य को अब तक 8 लाख 23 हजार करोड़ रुपए से अधिक के निवेश प्रस्ताव मिल चुके हैं. सरकार की नीति में रोजगार को प्रमुखता देने के साथ MSME सेक्टर, महिलाओं और दूसरे वर्गों के लिए भी प्रावधान किए गए हैं. पर्यटन को उद्योग का दर्जा देने से होटल, होम-स्टे, पर्यटन सेवाओं और इससे जुड़े कारोबार में निवेश की संभावनाएं भी बढ़ी हैं.

33 जिलों में उद्यमिता केंद्र
युवाओं को नौकरी तलाशने के साथ रोजगार देने वाला बनने के लिए प्रोत्साहित करने पर भी सरकार का जोर है. मुख्यमंत्री स्टार्टअप एवं निपुण मिशन के लिए अगले पांच वर्षों में 500 करोड़ रुपए का प्रावधान किया गया है. इसके तहत छत्तीसगढ़ के सभी 33 जिलों में उद्यमिता विकास केंद्र स्थापित किए जाएंगे. साथ ही 100 इमर्जिंग टेक्नोलॉजी लैब और 5 इंडस्ट्री सेंटर ऑफ एक्सीलेंस बनाए जाने की योजना है. इससे युवाओं को तकनीक, कौशल, नवाचार और स्टार्टअप के क्षेत्र में नए अवसर मिलेंगे.
निर्यात नीति से स्थानीय उत्पादों को मिलेगा बड़ा बाजार
मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य सरकार ने छत्तीसगढ़ निर्यात प्रोत्साहन नीति 2026-30 को भी मंजूरी दी है. इसका उद्देश्य छोटे उद्योगों, स्थानीय उत्पादों और मूल्य संवर्धित कृषि एवं औद्योगिक उत्पादों को देश और विदेश के बाजारों तक पहुंचाना है. उन्होंने सरगुजा क्षेत्र में पर्यटन, कृषि आधारित उद्योग, खाद्य प्रसंस्करण और स्थानीय उत्पादों की संभावनाओं का भी उल्लेख किया. मुख्यमंत्री ने अनुभवी उद्यमियों से अपील की कि वे इन क्षेत्रों में निवेश के साथ युवाओं और छोटे कारोबारियों को मार्गदर्शन दें.
ट्रेड फेयर का शुभारंभ
अग्र महाकुंभ के दौरान मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम स्थल पर आयोजित ट्रेड फेयर का फीता काटकर उद्घाटन किया और अलग-अलग स्टॉलों का निरीक्षण कर उद्यमियों से उनके उत्पादों की जानकारी ली. उन्होंने मंच से ‘अग्रकुल दर्शन’ पत्रिका का विमोचन भी किया. कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय काम करने वाली प्रतिभाओं को ‘दशम अग्र अलंकरण’ के माध्यम से सम्मानित किया गया. मुख्यमंत्री ने महिला शक्ति और युवाओं की बढ़ती भागीदारी को समाज की नई ऊर्जा बताते हुए कहा कि उद्यमिता, सेवा और सामाजिक जिम्मेदारी की परंपरा के जरिए विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान दिया जा सकता है.

One Response